Pratik Shah: प्रतीक मामले पर धर्मा ने दी सफाई, ‘होमबाउंड’ के सिनेमेटोग्राफर पर 20 महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप
Homebound Controversy: फिल्म ‘होमबाउंड’ में काम कर चुके सिनेमैटोग्राफर प्रतीक शाह इन दिनों गलत वजहों के लिए सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले पर अब धर्मा प्रोडक्शन ने अपना ऑफिशियल बयान जारी किया है।
विस्तार
फिल्म ‘होमबाउंड’ में काम कर चुके सिनेमैटोग्राफर प्रतीक शाह पर हाल ही में कई महिलाओं ने अनुचित व्यवहार और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों के बीच फिल्म के निर्माण से जुड़ी कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस ने आधिकारिक बयान जारी कर पूरे मामले में अपनी स्थिति साफ कर ली है। सोशल मीडिया पर बढ़ते विवाद के चलते प्रतीक शाह ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिएक्टिवेट कर दिया है।
धर्मा प्रोडक्शन्स का ऑफिशियल बयान
धर्मा प्रोडक्शंस ने अपने बयान में कहा है कि उनका प्रोडक्शन हाउस किसी भी तरह के अनुचित व्यवहार के पक्ष में नहीं है और यौन उत्पीड़न के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाता है। कंपनी ने ये भी साफ किया कि प्रतीक शाह कुछ समय के लिए फ्रीलांसर के तौर पर ‘होमबाउंड’ प्रोजेक्ट से जुड़े थे और इस दौरान किसी भी कास्ट या क्रू सदस्य की ओर से उनके खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई।
ये खबर भी पढ़ें: Pratik Shah: विवादों में करण जौहर की फिल्म ‘हाेमबाउंड’ के सिनेमेटोग्राफर, फिल्ममेकर ने लगाए गंभीर आरोप
आरोपों की शुरुआत कैसे हुई?
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब स्वतंत्र फिल्मकार अभिनव सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए महिलाओं को चेतावनी दी कि प्रतीक शाह से सतर्क रहें। इसके बाद कई महिलाओं ने उनसे संपर्क कर प्रतीक के कथित अनुचित बर्ताव के बारे में बताया। फिल्म लेखिका और निर्देशक सृष्टि रिया जैन ने भी अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर कई स्क्रीनशॉट्स शेयर किए, जिनमें प्रतीक के पुराने बर्ताव की ओर इशारा किया गया।
कान 2025 में छा गई ‘होमबाउंड’
दिलचस्प बात ये है कि जिस फिल्म में प्रतीक शाह सिनेमैटोग्राफर थे, वही फिल्म इस साल कान फिल्म फेस्टिवल में भारत की तरफ से दिखाई गई थी। फिल्म को 'अन सर्टेन रिगार्ड' सेक्शन में स्क्रीनिंग का मौका मिला और वहां इसे 9 मिनट की स्टैंडिंग ओवेशन मिली। फिल्म में ईशान खट्टर, जान्हवी कपूर और विशाल जेठवा जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
प्रोड्यूसर्स की लिस्ट भी रही चर्चा में
‘होमबाउंड’ को करण जौहर, आदर पूनावाला, अपूर्वा मेहता और सोमन मिश्रा ने प्रोड्यूस किया है। इसके को-प्रोड्यूसर्स में मरीके डि सूजा और मेलिता टोस्कन डू प्लांटियर के नाम शामिल हैं। ऐसे में जब फिल्म को लेकर इतनी सकारात्मक चर्चा हो रही थी, तभी इसके एक सदस्य पर इस तरह के आरोपों ने पूरी टीम को असहज स्थिति में ला दिया है।
क्या होगा आगे का कदम?
अब जब आरोप सामने आ चुके हैं और सोशल मीडिया पर बहस तेज हो रही है, यह देखना अहम होगा कि आगे इस पर क्या कार्रवाई होती है। फिलहाल, धर्मा प्रोडक्शंस के बयान ने मामला शांत करने की कोशिश जरूर की है, लेकिन कई सवाल अब भी हवा में हैं, जिनका जवाब समय के साथ ही मिल पाएगा।