‘यमला पगला दीवाना’ की री-रिलीज से धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देंगे मेकर्स, बोले- देओल परिवार के लिए नई शुरुआत थी
Yamla Pagla Deewana Re Release: बीते 24 नवंबर को 89 वर्ष की उम्र में बॉलीवुड के ‘ही मैन’ धर्मेंद्र ने दुनिया को अलविदा कहा। उनके निधन के बाद से ही पूरा सिने जगत शोक में डूबा हुआ है। धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देने के लिए ‘यमला पगला दीवाना’ के मेकर्स ने इस फिल्म को री-रिलीज करने का फैसला लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की यादों को सहेजते हुए उनकी सुपरहिट फिल्म ‘यमला पगला दीवाना’ को फिर से सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी की जा रही है। फिल्म के अधिकार रखने वाली कंपनी एनएच स्टूडियोज के मालिक श्रेयांश हिरावत ने इस खास पहल को लेकर अमर उजाला से विस्तार से बातचीत की और इस फिल्म से जुड़े कई भावुक और निजी पहलुओं को साझा किया है।
यह कमर्शियल नहीं, भावनाओं से जुड़ा मामला है
फिल्म ‘यमला पगला दीवाना’ की री-रिलीज को लेकर श्रेयांश कहते हैं, ‘शुरुआत में हमारी योजना यह थी कि हम इस फिल्म को दिसंबर में धर्मेंद्र के जन्मदिन के आस-पास दोबारा रिलीज करेंगे। लेकिन धरम जी के निधन के बाद जो भावनात्मक माहौल बना, उसे देखते हुए हमें लगा कि थोड़ा रुकना बेहतर होगा। यह सिर्फ एक कमर्शियल फैसला नहीं था, बल्कि पूरी तरह भावनाओं से जुड़ा मामला था। हम चाहते थे कि जो भी कदम उठाया जाए, वह पूरे सम्मान और सही समय के साथ हो इसलिए हमने तय किया कि रिलीज को थोड़े समय के लिए आगे बढ़ाया जाए। हां, इतना तो तय है कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में लौटेगी।’
हमने धर्मेंद्र जी से यह फिल्म ली थी
फिल्म से जुड़ी यादें साझा करते हुए श्रेयांश भावुक हो गए। उन्होंने कहा, ‘यह फिल्म हमारे लिए इसलिए भी बेहद खास है, क्योंकि ‘यमला पगला दीवाना’ हमने सीधे धर्मेंद्र जी से खरीदी थी। मुझे आज भी याद है, मुंबई में सनी सुपर साउंड के ऑफिस में जाकर हमने इस फिल्म के पेपर्स साइन किए थे। बात साल 2012 की है। उस समय मैं अपने करियर के शुरुआती दौर में था और बिजनेस सीख रहा था। धर्मेंद्र जी, सनी देओल सर, सभी वहां मौजूद थे और उन्हीं के हाथों से हमने यह फिल्म ली थी। उस वक्त उनकी बातचीत, उनका भरोसा और उनका अपनापन, वही इस फिल्म को हमारे लिए हमेशा यादगार बनाए रखेगा।’
देओल परिवार के लिए नई शुरुआत जैसी थी फिल्म
श्रेयांश मानते हैं कि ‘यमला पगला दीवाना’ देओल परिवार के लिए सिर्फ एक हिट फिल्म नहीं थी। वो कहते हैं, ‘यह फिल्म देओल परिवार के लिए बहुत अहम रही। इससे पहले भी उन्होंने अपने-अपने स्तर पर काम किया था, लेकिन यह फिल्म एक बड़ी ब्लॉकबस्टर बनी। धर्मेंद्र जी, सनी और बॉबी देओल को एक साथ इस तरह देखना दर्शकों को बेहद पसंद आया। यह फ्रेंचाइजी उनके अपने घर से निकली और सीधे ब्लॉकबस्टर साबित हुई।’
हिट हैं बॉबी के वीडियोज
बॉबी देओल की मौजूदा लोकप्रियता पर बात करते हुए श्रेयांश कहते हैं, ‘हमारे पास यूट्यूब और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का डेटा है। हमने साफ तौर पर देखा है कि जब भी बॉबी देओल की कोई फिल्म या वीडियो क्लिप अपलोड की जाती है, तो ऑडियंस ट्रैक्शन अचानक बढ़ जाता है। अगर आप दूसरे बड़े कलाकारों से भी तुलना करें, तो बॉबी देओल के वीडियो पर ज्यादा स्पाइक देखने को मिलता है। ‘एनिमल’ के बाद से ही उनकी फैन फॉलोइंग कई गुना बढ़ी है। धर्मेंद्र जी, सनी देओल और बॉबी देओल, तीनों की अपनी अपनी मजबूत ऑडियंस है। यही वजह है कि हमें पूरा भरोसा है कि फिल्म को दोबारा रिलीज को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलेगा।’
यह धर्मेंद्र के सिनेमाई सफर को सलाम है
बातचीत के अंत में श्रेयांश कहते हैं, ‘यह री-रिलीज सिर्फ हंसी और एंटरटेनमेंट का जरिया नहीं होगी, बल्कि यह धर्मेंद्र जी के लंबे और यादगार सिनेमाई सफर को सलाम करने का एक भावनात्मक अवसर भी बनेगी। देओल परिवार की ऑन स्क्रीन केमिस्ट्री और पारिवारिक रिश्तों की गर्माहट एक बार फिर ऑडियंस को बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी।’
कैसी फिल्म थी 'यमला पगला दीवाना'?
समीर कर्णिक के निर्देशन में बनी फिल्म ‘यमला पगला दीवाना’ का नाम 1975 में आई धर्मेंद्र अभिनीत फिल्म ‘प्रतिज्ञा’ के मशहूर गीत ‘मैं जट यमला पगला दीवाना’ से लिया गया था। फिल्म की कहानी कनाडा में रहने वाले एक भारतीय युवक की है, जो अपने बिछड़े पिता और भाई की तलाश में बनारस पहुंचता है। यहां से तीनों की जिंदगी बदलती है और सफर पंजाब तक जाता है। पंजाब में कहानी हास्य और भावनात्मक मोड़ों से गुजरती है, जहां तीनों मिलकर छोटे भाई की प्रेम कहानी को पूरा करने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान लड़की के अजीब परिवार से टकराव फिल्म को मजेदार बना देता है। देसी हास्य, पारिवारिक भावनाएं और संगीत इस फिल्म की खास पहचान हैं।
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ है, जो एक वॉर ड्रामा है। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा और अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 25 दिसंबर 2025 को रिलीज होगी।