Avneet Kaur: कोहली के 'लाइक' से बढ़ी लोकप्रियता, अब तक इन फिल्मों में नजर आ चुकी हैं अवनीत कौर
Avneet Kaur Movies: अवनीत कौर इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनको लेकर हो चर्चाओं के बीच आज हम आपको बताते हैं कि वह किन-किन फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।
विस्तार
सोशल मीडिया पर एक छोटा सा ‘लाइक्स’ कितना बड़ा तूफान ला सकता है यह हाल ही में अवनीत कौर और विराट कोहली के मामले ने दिखा दिया है। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने अवनीत की एक इंस्टाग्राम पोस्ट को गलती से लाइक किया, जिसके बाद अभिनेत्री सुर्खियों में छा गईं। हालांकि, विराट ने इसे एल्गोरिदम की गलती बताकर सफाई दी, लेकिन इस वाकये ने 23 साल की अवनीत कौर की पॉपुलैरिटी को और बढ़ा दिया। आइए जानते हैं कि अब तक अवनीत किन फिल्मों में नजर आ चुकी हैं और उनका करियर ग्राफ कैसा रहा है?
पंजाब के जालंधर में 13 अक्टूबर 2001 को जन्म लेने वाली अवनीत कौर ने महज आठ साल की उम्र में मनोरंजन जगत में कदम रख दिया था। उन्होंने 2010 में ‘डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर्स’ से शुरुआत की, जहां उनकी प्रतिभा को खूब सराहा गया। इसके बाद उन्होंने ‘मेरी मां’, ‘चंद्र नंदिनी’, और ‘अलादीन - नाम तो सुना होगा’ जैसे टीवी सीरियल्स में काम किया। छोटे पर्दे पर उनकी लोकप्रियता ने उन्हें बड़े पर्दे का रास्ता दिखाया।
Shahid Kapoor: शाहिद कपूर ने ऑपरेशन सिंदूर पर की पोस्ट, क्या बाद में एडिट करके बंद किया कमेंट सेक्शन?
अवनीत ने 2014 में रानी मुखर्जी की फिल्म ‘मर्दानी’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म में उन्होंने मीरा का किरदार निभाया, जो छोटा लेकिन प्रभावशाली था। इसके बाद 2017 में वह ‘करीब करीब सिंगल’ में एक छोटी सी भूमिका में दिखीं। 2019 में ‘मर्दानी 2’ में भी उनका कैमियो दर्शकों को पसंद आया।
2023 में अवनीत ने कंगना रनौत की प्रोड्यूस की गई फिल्म ‘टीकू वेड्स शेरू’ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ लीड रोल निभाकर सबका ध्यान खींचा। इस फिल्म में उनकी एक्टिंग को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, लेकिन उनकी स्क्रीन प्रजेंस ने सभी को प्रभावित किया। 2024 में वह सनी सिंह के साथ रोमांटिक-कॉमेडी ‘लव की अरेंज मैरिज’ में नजर आईं, जिसमें उनकी ताजगी भरी अदाकारी को सराहा गया।