सीजेपी प्रोटेस्ट के बाद सोनाक्षी ने किया झारखंड के छात्र प्रदर्शन का समर्थन, जानें क्या बोलीं अभिनेत्री?
Sonakshi Sinha Supported Jharkhand Students Protest: नीट पेपर लीक विरोध करने वाले छात्रों का समर्थन करने के बाद अब एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने झारखंड के छात्र प्रदर्शन का भी समर्थन किया है। सोनाक्षी ने हाल ही में इससे जुड़ा एक पोस्ट साझा किया।
विस्तार
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती में अनियमितताओं को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। अब बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस प्रदर्शन का समथर्न किया है। जानें एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी साझा कर क्या कहा?
सोनाक्षी ने पोस्ट किया वीडियो
सोनाक्षी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट कर छात्रों का समर्थन किया। इसे शेयर करते हुए अभिनेत्री ने लिखा, ‘झारखंड के छात्रों पर सबकी निगाहें हैं। अपने देश के छात्रों को इस तरह की स्थिति से गुजरते देखना बेहद दुखद है। यह कब रुकेगा?’
बाद में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक और वीडियो साझा किया जिसमें विरोध प्रदर्शन में शामिल एक छात्र मीडिया से बात करते हुए सवाल उठाता नजर आया कि राज्य के संघर्षों पर राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान क्यों नहीं दिया जाता?
कब से हो रहा विरोध प्रदर्शन ?
झारखंड राज्य की राजधानी रांची में छात्र 29 जुलाई से स्टेडियम में अनिश्चितकाल तक धरने पर बैठे हैं। वह 14वीं जेपीएससी परीक्षा, जेएसएससी-सीजीएल और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके इस विरोध प्रदर्शन से झारखंड सरकार पर स्वतंत्र जांच और राज्य की भर्ती एजेंसियों में बदलाव की मांग बढ़ गई है।
CJP प्रोटेस्ट का भी समर्थन किया था
एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने इससे पहले नीट पेपर लीक मामले में विरोध कर रहे छात्रों और कॉकरोच जनता पार्टी का भी समर्थन किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सड़कों पर उतरे छात्रों के प्रति अपनी चिंता जाहिर की थी। इसी तरह अब उन्होंने झारखंड के छात्रों का साथ दिया है।