कार्तिक और सारा आज ताजनगरी में बनेंगे अमर उजाला के मेहमान, इम्तियाज अली ने कही ये बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस साल की सबसे चर्चित प्रेम कहानी लव आज कल के सितारे कार्तिक आर्यन और सारा अली खान मंगलवार यानि आज आगरा पहुंच रहे हैं। वह यहां अमर उजाला की माई सिटी टॉक्स- लव आज कल प्रतियोगिता के विजेताओं से मुलाकात करेंगे और उनके साथ कुछ वक्त गुजारेंगे। अमर उजाला के सौभाग्यशाली पाठकों को उनसे बातचीत करने का मौका भी मिलेगा। फिल्म लव आज कल के निर्देशक इम्तियाज अली, निर्माता दिनेश विजन और रिलायंस एंटरटेनमेंट के ग्रुप सीईओ शिबाशीष सरकार भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे।
निर्देशक इम्तियाज अली ने हिंदी सिनेमा में प्रेम कहानियां बनाकर काफी प्रतिष्ठा अर्जित की है। उनकी फिल्में जब वी मेट, लव आज कल, रॉक स्टार, हाईवे और तमाशा हिंदी सिनेमा की उन चंद फिल्मों में गिनी जाती हैं, जिनमें प्रेम की परिभाषा को एक अलहदा अंदाज में दर्शकों के सामने पेश किया गया। इम्तियाज ने अपनी 2009 में रिलीज हुई फिल्म लव आज कल को ही फिर से कार्तिक आर्यन, सारा अली खान और आरुषि शर्मा के साथ रीबूट किया है। फिल्म के गाने इन दिनों युवाओं में काफी लोकप्रिय हो चले हैं।
फिल्म लव आज कल से पहले इम्तियाज अली ने शाहरुख खान और अनुष्का शर्मा को लेकर जब हैरी मेट सेजल नामक फिल्म निर्देशित की थी। और, इस फिल्म की रिलीज से पहले फिल्म के सितारों के साथ वह वाराणसी में अमर उजाला से रू ब रू हुए थे। इस बार उनकी फिल्म की विषय वस्तु के हिसाब से अमर उजाला ने उन्हें जब ताजनगरी आगरा आने का न्यौता दिया, वह सहज ही मान गए। आगरा के इस कार्यक्रम में अमर उजाला के उन सौभाग्यशाली पाठकों को भी इन सितारों से मिलने का मौका मिलेगा जिन्होंने अपनी प्रेम कहानियों को पाठकों के साथ साझा किया। ये चयनित कहानियां सोमवार को अमर उजाला के सभी संस्करणों में प्रमुखता से प्रकाशित हो चुकी हैं।
इम्तियाज आगरा आने से पहले काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, 'ताजनगरी प्रेम की अनमोल निशानी ताज महल के लिए दुनिया भर में विख्यात है और अमर उजाला ने जब मुझे और मेरी फिल्म के कलाकारों को आगरा आने और ताज के पहलू में कुछ वक्त बिताने के लिए आमंत्रित किया तो मैं ना नहीं कर सका। अमर उजाला हिंदी पट्टी का प्रतिनिधि अखबार है और इसके साथ जुड़कर हम सब गौरान्वित महसूस कर रहे हैं।'
इम्तियाज अली की ये पांच फिल्में समझाती हैं मोहब्बत का फलसफा, अपने मोबाइल पर यहां देखें