फिल्म 'आई' ने पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा
फिल्मकार शंकर की तीन भाषाओं में हालिया प्रदर्शित फिल्म 'आई' ने अपने रिलीज के पहले हफ्ते में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।
साउथ की फिल्में और उनके फिल्मकार लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहें हैं। ये फिल्में देश के बाहर भी काफी बढ़िया व्यवसाय कर रही हैं। केरल में इस फिल्म ने तो सफलता का नया रिकॉर्ड बना दिया है।
फिल्म आई के विश्वभर में प्रदर्शन से हुई कमाई का आंकड़ा 100 करोड़ रुपये के पार हो चुका है और फिल्म अब भी टिकट खिड़की पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस जानकार साउथ की फिल्मों को लेकर और आशावान हो गए हैं। 'आई' में सुपरस्टार विक्रम, अभिनेता उपेन पटेल और अभिनेत्री एमी जैक्सन ने काम किया है।
बाक्स ऑफिस पर 'तेवर' और 'अलोन' पड़ी ठंडी
साउथ के फिल्मकार शंकर की फिल्म आई ने जहां आशा से अच्छा प्रदर्शन किया है वहीं बड़ी बैनर की फिल्में औंधे मुंह गिरी हैं। बॉलीवुड स्टार सोनाक्षी सिंहा और अर्जून कपूर की फिल्म तेवर का प्रदर्शन जहां दूसरे हफ्ते में भी बेहद लचर ही बना हुआ है।
फिल्म ने अभी तक 38.20 करोड़ की कमाई की है। वहीं बिपाशा बसु की फिल्म अलोन ने अभी तक 14 करोड़ की कमाई की है। वहीं शराफत गई तेल लेने और क्रेजी कुक्कड़ फैमली जैसी फिल्मों ने तो बॉक्स ऑफिस पर पानी भी नहीं मांगा है।