‘मैं ट्रॉमेटाइज हो गई थी…’, फराह खान ने अक्षय खन्ना पर दिया बड़ा बयान; कहा- ‘अच्छे इंसान नहीं थे’
Farah Khan On Akshay Khanna: हाल ही में फराह खान ने अक्षय खन्ना पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अक्षय अच्छे इंसान नहीं थे। जानिए उन्होंने ऐसा क्यों कहा।
विस्तार
धुरंधर फिल्म से अक्षय खन्ना लगातार चर्चाओं में बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर तो उनका जलवा छाया हुआ है। लेकिन हाल ही में कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान ने रणवीर इलाहाबादिया के पॉडकास्ट पर 90 के दशक का एक किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि उस समय अक्षय खन्ना के साथ काम करना उनके लिए काफी मुश्किल था।
अक्षय हमेशा चिड़चिड़े रहते थे
फराह खान ने कहा, ‘90 के दशक में मैंने अक्षय खन्ना के साथ दो-तीन फिल्मों में काम किया था और उसके बाद मैं ट्रॉमेटाइज हो गई थी। क्योंकि वह उस समय बिल्कुल अलग इंसान थे। हां, वह इंट्रोवर्ट थे, लेकिन सेट पर अच्छे इंसान नहीं थे। जब भी मुझे पता चलता कि किसी फिल्म में अक्षय खन्ना हैं, तो मैं कह देती थी कि मेरे पास डेट्स नहीं हैं।’
फराह ने आगे बताया, ‘मुझे लगता है उस समय उन्होंने खुद कहा था कि उनके बाल झड़ रहे हैं। वह हमेशा चिड़चिड़े रहते थे। कई बार वह चीजें फेंक देते थे और कहते थे, ‘ये कैसा डायलॉग है?’ उनका स्वभाव उस समय ऐसा ही था।’
कैसे बदली फराह की राय?
हालांकि, बाद में फराह की राय बदल गई जब उन्होंने फरहान अख्तर की फिल्म ‘दिल चाहता है’ में अक्षय खन्ना के साथ काम किया। यह फिल्म फरहान अख्तर की डायरेक्टर के तौर पर पहली फिल्म थी, इसलिए फराह इस प्रोजेक्ट को मना नहीं कर सकती थीं।
फराह ने बताया, ‘उस समय तक अक्षय काफी बदल चुके थे। उन्होंने अपने बाल झड़ने की बात को स्वीकार कर लिया था और पहले से ज्यादा रिलैक्स हो गए थे। ‘दिल चाहता है’ के दौरान वह काफी चिल हो गए थे।
इससे पहले अगर किसी सीन में पानी या बारिश होती थी, तो वह हमेशा कैप पहनते थे। जैसे उन्होंने ‘ताल’ के बारिश वाले गाने में भी पहनी थी। लेकिन ‘दिल चाहता है’ के बाद बहुत कुछ बदल गया था।’
उन्होंने आगे कहा, ‘और वह एक शानदार डांसर भी हैं। अगर आप कोई कहे कहता रहे गाना देखें, तो उसमें वह आमिर खान और सैफ अली खान से भी बेहतर डांस करते नजर आते हैं।’