उदय शंकर की जगह चीन के ल्यूक कंग को मिली डिजनी में अहम जिम्मेदारी, अलग से तैनात होगा भारत प्रमुख
साल 2020 के आखिरी दिन डिजनी के एशिया प्रशांत क्षेत्र के अध्यक्ष और स्टार व डिजनी इंडिया के चेयरमैन पद से उदय शंकर की विदाई के बाद नए साल के पहले दिन से चीन के ल्यूक कंग को डिजनी की एशिया प्रशांत क्षेत्र की जिम्मेदारी मिलने जा रही है। नई व्यवस्था के तहत डिजनी भारत के लिए अपना प्रभारी अलग से नियुक्त करेगी और ल्यूक कंग के अधिकार क्षेत्र से भारत को बाहर रखा गया है। डिजनी भारत में अपने प्रमुख की घोषणा नए साल में करने का इरादा रखती है।
‘अमर उजाला’ को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ल्यूक कंग की नियुक्ति डिजनी की इंटरनेशनल ऑपरेशन्स और डायरेक्ट टू कंज्यूमर विभाग की प्रमुख रेबेका कैम्बैल के अधीन की गई है और वह रेबेका को ही सीधे रिपोर्ट करेंगे। उनके अधिकार क्षेत्र में एशिया प्रशांत क्षेत्र के जो देश रखे गए हैं उनमें ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, चीन, जापान, कोरिया और दक्षिण पूर्व एशिया के देश शामिल हैं। वह इन देशों में डिजनी के थीम पार्कों को छोड़कर कंपनी का बाकी सारा काम देखेंगे। भारत का कारोबार ल्यूक कंग के अधिकार क्षेत्र में नहीं है। कंग अभी चीन, जापान और कोरिया का काम देखते हैं। डिजनी में वह बीते नौ साल से काम कर रहे हैं। उनकी पहली नियुक्ति दक्षिण कोरिया के लिए सियोल में हुई थी।
ल्यूक कंग की नियुक्ति की जानकारी कैम्पैबल ने डिजनी के कर्मचारियों को दे दी है। इसी जानकारी में कहा गया है कि भारत के लिए डिजनी अलग से एक प्रमुख की नियुक्ति करेगी। ये नियुक्ति अगले साल की शुरूआत में कभी भी हो सकती है। इस बीच जो अंतरिम व्यवस्था कंपनी ने की है, उसके मुताबिक डिजनी की भारतीय शाखा का कामकाज स्टार के प्रमुख के रूप में के माधवन और डिजनी प्लस हॉटस्टार इंडिया के प्रमुख के रूप में सुनील रयान देखते रहेंगे। इन दोनों की रिपोर्टिंग सीधे अब कैम्पबेल को होगी।
कंपनी का अब तक भारत समेत सारे एशिया प्रशांत क्षेत्र के देशों का कामकाज देखते रहे उदयशंकर कंपनी में फॉक्स स्टार की तरफ से शामिल हुए थे। स्टार टेलीविजन और इसके ओटीटी हॉटस्टार के उनके अनुभव को देखते हुए ही डिजनी ने फॉक्स के भारतीय कारोबार के अधिग्रहण के बाद उनको पूरे संयुक्त कारोबार की जिम्मेदार सौंपी थी। उदय शंकर ने अपने पद से अक्टूबर महीने में इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो रहा है।
करण जौहर पर कसा NCB ने शिकंजा, ड्रग्स मामले में भेजा समन