विज्ञापन: ‘बंटी और बबली 2’ की हीरोइन शरवरी वाघ को मिला एक और बड़ा ब्रांड, डेब्यू से पहले ही हो गईं सुपरस्टार
यशराज फिल्म्स की खोज कही जाने वाली अभिनेत्रियों में से इन दिनों जिस कलाकार की सबसे ज्यादा प्रतीक्षा हो रही है, वह हैं अभिनेत्री शरवरी वाघ। शरवरी का बड़े परदे पर डेब्यू बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ से होने वाला है।
विस्तार
यशराज फिल्म्स की खोज कही जाने वाली अभिनेत्रियों में से इन दिनों जिस कलाकार की सबसे ज्यादा प्रतीक्षा हो रही है, वह हैं अभिनेत्री शरवरी वाघ। शरवरी का बड़े परदे पर डेब्यू बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ से होने वाला है। फिल्म में वह अपने बिल्कुल अलग अंदाज में दिखने वाली है। फिल्म के रशेज देखने वाले बताते हैं कि इस फिल्म में शरवरी बिल्कुल ताजगी की एक नई बयार सी बड़े परदे पर खिलने वाली हैं और उनके आने से युवा अभिनेत्रियों के बीच उनकी साख पहली ही फिल्म से कई पायदान ऊपर जम जाने वाली है। शरवरी को लेकर चल रही इन चर्चाओं का ही असर है कि डेब्यू करने के पहले ही शरवरी ने एक और बड़ी विज्ञापन डील हासिल कर ली है।
ब्रांड्स की दुनिया में शरवरी की एंट्री भारत में पॉन्ड्स के नए चेहरे के रूप में हो चुकी है। अपने पहले ब्रांड की साइनिंग में ही सिक्सर मारने वाली शरवरी ने अब एक और बड़ा हाथ एले 18 की ब्रांड अंबेसडर बन कर मारा है। कम लोगों को ही पता होगा कि अपनी झोली में अपनी पहली फिल्म से पहले ही दो बड़े ब्रांड्स हासिल कर लेने वाली शरवरी को निर्माता आदित्य चोपड़ा ने अपनी अगली तीन फिल्मों के लिए भी साइन कर रखा है।
गौरतलब है कि फिल्म ट्रेड में इन दिनों सभी की निगाहें शरवरी पर टिकी हुई हैं। वह टैलेंटेड हैं, कबीर खान की ‘द फॉरगॉटन आर्मी’ में किए गए अपने परफॉर्मेंस के लिए खूब तारीफें हासिल कर चुकी हैं। बला की खूबसूरत दिखती हैं और आने वाले वर्षों में एक बड़ा स्टार बनने के लिए आदित्य चोपड़ा उन्हें संवारने में खास दिलचस्पी भी ले रहे हैं। यशराज फिल्म्स की पाठशाला में अपने हाव, भाव और चाल ढाल के लिए प्रशिक्षित हो रहीं शरवरी को बड़ी फिल्मों तथा शानदार विज्ञापन डील्स के सहारे उन्हें आगे बढ़ाने की कोशिश भी यशराज फिल्म्स ही कर रहा है।
विज्ञापन की दुनिया के जानकारों की मानें तो देश में पॉन्ड्स और एले 18 की असंख्य लोगों तक व्यापक पहुंच है और इनके साथ हुई डील से यह सुनिश्चित होगा कि शरवरी अपने डेब्यू से पहले ही पूरे भारत में एक जाना-पहचाना नाम बन जाएंगी। सूत्र बताते हैं कि शरवरी को लेकर जल्द ही एक बड़ी फिल्म की घोषणा भी होने वाली है और जाहिर है कि ये नई फिल्म भी यशराज फिलम्स की ही होगी और इसमें उनके साथ एक और बड़ा सितारा भी होगा। देश के तमाम राज्यों में सिनेमाघरों के खुलने के बाद ‘बंटी और बबली 2’ के भी सिनेमाघरों में रिलीज होने का इंतजार शुरू हो चुका है।