दमदार एक्शन के साथ ही दिल को छू जाएंगी ये कहानियां, साल 2019 में रिलीज होंगी ये फिल्में
हर साल बॉलीवुड की कई फिल्में रिलीज होती हैं। कुछ हिट तो कुछ फ्लॉप, कुछ सुपरहिट तो कुछ सुपरफ्लॉप लेकिन फिल्में बनने का सिलसिला नहीं रुकता है। वहीं साल दर साल बॉलीवुड बेहतर होता है जा रहा है। न सिर्फ तकनीकी रूप से बल्कि साथ ही साथ फिल्मों के नजरिए से भी। इस साल यानी 2019 में कई ऐसी फिल्में देखने को मिलीं जिन्होंने एक तरफ आपको सीटी बजाने पर मजबूर कर दिया तो वहीं दूसरी ओर आपको अंदर से झकझोर कर भी रख दिया। इसके साथ ही इस साल छोटी बजट की फिल्मों ने भी बड़ा कमाल दिखाया। वैसे अभी तो अगस्त खत्म हुआ है और साल खत्म होने में अभी चार महीने बाकी हैं। ऐसे में एक नजर उन सभी बड़ी फिल्मों पर जिनका दर्शकों को इंतजार है।
सितंबर
06 सितंबर 2019: छिछोरे
नीतेश तिवारी निर्देशित फिल्म छिछोरे 06 सितंबर 2019 को रिलीज हो रही है। इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत, श्रद्धा कपूर और वरुण शर्मा मुख्य कलाकारों के रूप में नजर आएंगे। ट्रेलर- टीजर और पोस्टर इस बात का अंदेशा देती है कि फिल्म दोस्ती पर आधारित होगी। जिसमें कॉलेज लाइफ का तड़का भी देखने को मिलेगा। फिल्म के अब तक दो ट्रेलर रिलीज हो चुके हैं। जिनको दर्शकों का अच्छा प्यार मिल रहा है। इससे पहले नीतेश दंगल के साथ बड़े पर्दे पर हाजिर हुए थे। आमिर खान स्टारर दंगल ने बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाढ़ दिए थे।
13 सितंबर 2019: पहलवान
लंबे वक्त बाद बड़े पर्दे पर सुनील शेट्टी फिल्म पहलवान से वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म में सुनील के साथ कन्नड़ सुपरस्टार किच्चा सुदीप देखने को मिलेंगे। फिल्म का ट्रेलर देख सभी को सबसे पहले सलमान खान की सुल्तान याद आई थी। हालांकि ट्रेलर को दर्शकों ने भी पसंद किया है। फिल्म में सुनील शेट्टी, पहलवान किच्चा सुदीप के गुरु के अवतार में नजर आने वाले हैं। वहीं इस फिल्म में आकांक्षा सिंह, कबीर सिंह और शरत लोहितस्व भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
13 सितंबर 2019: आर्टिकल 375
पहलवान के अलावा इस ही तारीख को रिलीज हो रही है आर्टिकल 375। इस फिल्म में ऋचा चड्ढा और अक्षय खन्ना वकील के किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर में जबरदस्त डायलॉग्स के साथ सोचने पर मजबूर कर देने वाली कहानी नजर आ रही है। फिल्म में जाकिर हुसैन, कुमुद मिश्रा, कुलभूषण खरबंदा और अतुल कुलकर्णी भी खास रोल कर रहे हैं।
13 सितंबर 2019: ड्रीम गर्ल
हाल ही में फिल्म अंधाधुन के लिए नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले आयुष्मान खुराना की फिल्म ड्रीम गर्ल भी 13 सितंबर को रिलीज हो रही है। फिल्म के ट्रेलर और गानों को दर्शकों का प्यार मिल रहा है। इस फिल्म में आयुष्मान खुराना एक महिला का किरदार भी निभाते नजर आएंगे। बता दें कि इससे पहले आयुष्मान फिल्म आर्टिकल 15 के साथ एक और हिट फिल्म अपने खाते में जोड़ चुके हैं।
20 सितंबर 2019: द जोया फैक्टर
सोनम कपूर और दुलकार सलमान स्टारर फिल्म द जोया फैक्टर 20 सिंतबर को रिलीज होगी। फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया जा चुका है जिसे दर्शकों को मिला जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म जोया (सोनम कपूर) के आसपास घूमती है। जिसे भारतीय क्रिकेट टीम के लिए लकी माना जाता है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक शर्मा कर रहे हैं।
20 सितंबर 2019: पल पल दिल के पास
फिल्म 'पल पल दिल के पास' से बॉलीवुड डेब्यू कर रहे हैं अभिनेता और भाजपा सांसद सनी देओल के बेटे करण देओल। वहीं करण के साथ सहर बाम्बा भी बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। फिल्म का ट्रेलर और कुछ गाने रिलीज हो चुके हैं।
20 सितंबर 2019: प्रस्थानम
पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म प्रस्थानम भी 20 सिंतबर को ही रिलीज हो रही है। इस फिल्म में संजय दत्त के साथ मनीषा कोइराला, अली फजल, चंकी पांडे और जैकी श्रॉफ नजर आएंगे। फिल्म साउथ की फिल्म प्रस्थानम का ही रीमेक है। वहीं फिल्म में करीब एक दशक बाद संजय और मनीषा साथ में नजर आ रहे हैं। इससे पहले दोनों फिल्म महबूबा में नजर आए थे।
अक्टूबर
02 अक्टूबर 2019: वॉर
इस साल की मोस्ट अवेटिड फिल्म माने जाने वाली फिल्म वॉर 2 अक्टूबर को रिलीज हो रही है। फिल्म में पहली बार ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ एक साथ नजर आ रहे हैं। फिल्म के पोस्टर, टीजर और ट्रेलर रिलीज हो चुके हैं। जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। वहीं ट्रेलर लंबे वक्त तक यू-ट्यूब पर ट्रेंड करता रहा। फिल्म में ऋतिक-टाइगर के साथ वाणी कपूर भी नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन सिद्दार्थ आनंद कर रहे हैं।
11 अक्टूबर 2019: द स्काई इज पिंक
प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर स्टारर फिल्म 'द स्काई इज पिंक', 'अदिति' और 'निरेन चौधरी' की कहानी है, जिसे टीनएज लड़की 'आयशा चौधरी' के नजरिए से बताया जाएगा।फिल्म में प्रियंका चोपड़ा अदिति और फरहान अख्तर निरेन चौधरी की भूमिका निभाएंगे। 'द स्काई इज पिंक' भारत में 11 अक्टूबर को रिलीज होगी, लेकिन 13 सितंबर को इसका टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रीमियर किया जाएगा। शोनाली बोस के निर्देशन में बनी इस फिल्म को आरएसवीपी और रॉय कपूर फिल्म्स के बैनर तले तैयार किया गया है।
11 अक्टूबर 2019: लाल कप्तान
सर पर भगवा रंग का कपड़ा, माथे पर तिलक, काजल-सूरमा लगाई आंखें, लंबी दाढ़ी कुछ ऐसा है सैफ का नागा साधु लुक। दरअसल सेक्रेड गेम्स में अपने डिसेंट लुक के बिल्कुल अपोजिट फिल्म लाल कप्तान में सैफ एक नागा साधु के लुक में नजर आ रहे हैं। फिल्म के टाइटल की तरह ही फिल्म का टीजर भी लाल बैकग्राउंड में है। इसमें सैफ कहते हैं- 'हर राम का अपना रावण, हर राम का अपना दशहरा।' फिल्म 11 अक्टूबर को रिलीज होगी। ल्म को आनंद एल राय और सुनील लुल्ला ने प्रोड्यूस किया है जबकि नवदीप सिंह का निर्देशन है।
18 अक्टूबर 2019: प से प्यार, फ से फरार
'हिंदुस्तान में प्रेम भी एक कांड है, क्योंकि जात एक खुला सांड है', इस दमदार डायलॉग के साथ शुरू होता है फिल्म 'प से प्यार, फ से फरार' का मोशन पोस्टर। जिमी शेरगिल, संजय मिश्रा, कुमुद मिश्रा, गिरीश कुलकर्णी स्टारर फिल्म का निर्देशन मनोज तिवारी कर रहे हैं। फिल्म एक हॉरर किलिंग की कहानी है जो 18 अक्टूबर 2019 को रिलीज होगी।
25 अक्टूबर 2019: सांड की आंख
शार्पशूटर चंद्रो तोमर और उत्तर प्रदेश के प्रकाषा तोमर के जीवन पर आधारित फिल्म सांड की आंख 25 अक्टूबर को रिलीज होगी। फिल्म में तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर लीड रोल में नजर आ रही हैं। दोनों ने ही अपने लुक्स से दर्शकों का प्यार जीतने में कामयाब दिख रही हैं।
नवंबर
15 नवंबर 2019: भूत: द हॉन्टेड शिप
हाल ही में बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले विकी कौशल हॉरर फिल्म के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। करण जौहर की विकी कौशल स्टारर फिल्म भूत द हॉन्टेड शिप 15 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। फिल्म का अभी तक ट्रेलर या टीजर रिलीज नहीं हुआ है। फिलहाल तक फिल्म का सिर्फ एक टीजर सामने आया है जिसमें उनके सिर पर पीली टोपी और हाथ में कुल्हाड़ी नजर आ रही है।
22 नवंबर 2019: मरजावां
सिद्धार्थ मल्होत्रा और रितेश देशमुख स्टारर फिल्म मरजावां 22 नवंबर को रिलीज हो रही है। हाल ही में फिल्म के कुछ पोस्टर देखने को मिले हैं। फिल्म में सिद्धार्थ और रितेश दोनों के ही लुक काफी शानदार लग रहे हैं। पोस्टर में रितेश बौने (ड्वार्फ) नजर आ रहे हैं। रितेश- सिद्धार्थ के अलावा रकुल प्रीत सिंह और तारा सुतारिया भी फिल्म में नजर आएंगी। फिल्म का डायरेक्शन मिलाप जावेरी ने किया है।
22 नवंबर 2019: बाला
ड्रीम गर्ल के बाद आयुष्मान खुराना फिल्म बाला के साथ दर्शकों के बीच आएंगे। बाला का निर्देशन अमर कौशिक ने किया है। वहीं फिल्म में आयुष्मान के साथ भूमि पेडनेकर और यामी गौतम भी नजर आएंगी। कुछ वक्त पहले ही बाला का टीजर रिलीज किया गया था। फिल्म का टीजर शेयर करते हुए आयुष्मान ने लिखा था- 'अब समय है बोल्ड फिल्म का ...उप्स बाल्ड मूव्स का'। बता दें कि फिल्म एक गंजे व्यक्ति के जिंदगी पर आधारित है।
29 नवंबर 2019: दिल बेचारा
अंग्रेजी फिल्म द फॉल्ट इन आर स्टार्स का हिंदी रीमेक 'दिल बेचारा' 29 नवंबर को रिलीज होगी। फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत और संजना सांघी नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन मुकेश छाबड़ा कर रहे हैं। इस फिल्म से पहले सुशांत, श्रद्धा कपूर के साथ फिल्म छिछोरे में नजर आएंगे।
29 नवंबर 2019: जवानी जानेमन
नितिन कक्कड़ द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक रोमांटिक कॉमेडी है। जैकी भगनानी की पूजा एंटरटेनमेंट के साथ सैफ की ब्लैक नाईट फिल्म्स और जय सेवकरमनी की नॉर्दन लाइट फिल्म्स द्वारा निर्मित यह फिल्म 29 नवंबर को रिलीज होगी। फिल्म में सैफ अली खान, तबू और आलिया फर्नीचरवाला लीड रोल में नजर आएंगे।
दिसंबर
06 दिसंबर 2019: पानीपत
अर्जुन कपूर, संजय दत्त और कृति सेनन स्टारर फिल्म पानीपत 6 दिसंबर को रिलीज होगी। फिल्म के लिए अर्जुन कपूर अपने शरीर पर जमकर मेहनत कर रहे हैं और जिम में खूब पसीना बहा रहे हैं। कुछ वक्त पहले अर्जुन ने कुछ फोटोज सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे। फिल्म का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर कर रहे हैं।
06 दिसंबर 2019: पति पत्नी और वो
भूमि पेडनेकर, कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे स्टारर फिल्म पति पत्नी और वो 6 दिसंबर को रिलीज होगी। फिल्म में साल 1978 में आई डायरेक्टर बी.आर चोपड़ा की इसी नाम की फिल्म का रीमेक है. इस फिल्म में संजीव कुमार का किरदार कार्तिक निभा रहे हैं, विद्या सिन्हा का किरदार भूमि पेडनेकर और रंजीता का निभाया गया किरदार अनन्या पांडे निभा रही हैं। फिल्म का शूट फिलहाल जारी और शूट के कई फोटोज और वीडियोज वायरल हो जाते हैं।
13 दिसंबर 2019: मर्दानी 2
हिंदी सिनेमा में अपनी खास आवाज और अंदाज के लिए मशहूर रहीं रानी मुखर्जी की पिछली फिल्में मर्दानी और हिचकी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही हैं। रानी अब कामयाबी की हैट्रिक पर हैं और इसके लिए उन्होंने अपनी हिट फिल्म मर्दानी की सीक्वेल को ही अपनी अगली फिल्म के तौर पर चुना है। फिल्म मर्दानी में बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस अफसर शिवानी शिवाजी रॉय का मुकाबला इस बार एक 21 साल के खतरनाक विलेन से होने वाला है। फिल्म मर्दानी 2 का निर्देशन उन्हीं गोपी पुथरन ने किया है जिन्होंने मर्दानी की पटकथा लिखी थी। निर्माता आदित्य चोपड़ा की फिल्म मर्दानी 2 की शूटिंग जयपुर के अलावा राजस्थान के तमाम भीतरी इलाकों में हुई है। फिल्म का एक बड़ा हिस्सा मुंबई में भी फिल्माया गया है।
20 दिसंबर 2019: दबंग 3
दबंग सीरीज का तीसरा पार्ट दबंग 3, 20 दिसंबर 2019 को रिलीज होगा। फिल्म में सलमान खान एक बार फिर चुलबुल पांडे के किरदार में नजर आएंगे। इसके साथ ही उनकी पत्नी के किरदार में नजर आएंगी सोनाक्षी सिन्हा। हालांकि फिल्म में इस बार एक नए किरदार की भी एंट्री है। दरअसल दबंग 3 से महेशा मांजरेकर की बेटी सई मांजरेकर भी बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं।
27 दिसंबर 2019: गुड न्यूज
अक्षय कुमार, करीना कपूर, कियारा आडवाणी और दिलजीत दोसांझ की फिल्म गुड न्यूज 27 दिसंबर को रिलीज होगी। फिल्म को जी स्टूडियोज रिलीज करेगा। गुड न्यूज के पहले अक्षय कुमार फिल्म मिशन मंगल में नजर आ चुके हैं। वहीं करीना फिल्म अंग्रेजी मीडियम का शूट भी खत्म कर चुकी हैं।
पढ़ें: बदलता ट्रेंड: कहानी फिल्मी नहीं Real है तभी इसमें Feel है