70 साल के सुपर आशिकों की मोहब्बत की दास्तान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्मों से ज्यादा कई फिल्मी सितारों के चर्चे उनके प्रेम प्रसंगों की वजह से होते हैं। फिल्मी दुनिया में सच्चे प्यार की कसमें खाने वाले कई अभिनेता सिर्फ एक बार नहीं, कई बार सच्चा प्यार कर बैठते हैं। लेकिन बॉलीवुड का इतिहास रहा है, यहां ज्यादातर प्यार मुकम्मल नहीं हो पाते।
कभी अपनी फिल्मों की हीरोइन के साथ तो कभी किसी की एक्स-गर्लफ्रेंड के साथ। फिल्म इंडस्ट्री के वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश चौकसे ने बॉलीवुड के दिलफेंक आशिकों की कहानी सुप्रिया सोगले को बताई।
राज कपूर
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के शोमैन राज कपूर अपने जमाने के बहुत बड़े आशिक रहे। राज कपूर ने 19 साल की उम्र में 16 साल की कृष्णा कपूर से विवाह किया। फिर नर्गिस के साथ नौ साल तक उनका प्रेम प्रसंग चला। जब दिल टूटा तो राज कपूर ने शराब पीना शुरू कर दिया।
इस पर उनकी पत्नी कृष्णा कपूर का कहना था, “राज कपूर साहब को दिल टूटने की तकलीफ नहीं थी पर कल का लड़का सुनील दत्त उनकी हीरोइन को ले गया, इस बात से उनके अहंकार को बेहद ठेस पहुंची।”
असल जिन्दगी में किसी भी व्यक्ति के वैवाहिक जीवन पर इसका बुरा प्रभाव पड़ता पर राज कपूर ने इसपर कहा, "उस समय मैं हिट फिल्में दे रहा था। अगर फिल्में फ्लॉप होतीं तो दोनों महिलाएं मुझे छोड़कर चली जातीं।"
दिलीप कुमार
ट्रेजेडी किंग दिलीप कुमार का पहला प्रेम प्रसंग उनकी फिल्म की अभिनेत्री कामिनी कौशल के साथ था। उसके बाद मधुबाला के साथ उनका प्रेम बहुत गहरा रहा। फिल्म ‘नया दौर’ के वक्त आउटडोर शूटिंग के लिए मधुबाला के पिता अत्ताउल्लाह खान ने 50 हजार रुपये नकद लेकर वादा किया, पर शूटिंग की अनुमति नहीं दी।
इसके बाद ये मामला अदालत पहुंचा, जहां दिलीप साहब ने स्वीकारा कि वो मधुबाला से प्यार करते हैं। ‘मुगल-ए-आजम’ के दौरान दोनों के प्रेम प्रसंग को विराम लग चुका था। फिर उनका नाम वैजंतीमाला और वहीदा रेहमान के साथ जुड़ा।
किशोर कुमार
मशहूर अभिनेता और गायक किशोर कुमार ने भी अपनी जिन्दगी में चार विवाह किए। उनकी पहली पत्नी बंगाल की अभिनेत्री रूमा घोष थीं, जो उन्हें छोड़कर चली गईं।
फिर उन्होनें मधुबाला के साथ शादी की पर मधुबाला का पहला और आखिरी प्यार सिर्फ दिलीप साहब ही रहे। किशोर कुमार को मधुबाला का घर में ‘मुगल-ए-आजम’ का प्रिंट रखना और उसे बार बार देखना कतई पसंद नहीं था जिससे उनके बीच अलगाव पैदा हुआ।
किशोर कुमार ने फिर योगिता बाली के साथ विवाह रचाया, जो सिर्फ दो साल तक चला। फिर किशोर कुमार ने लीला चंदावरकर से विवाह किया।
देव आनंद
देव आनंद प्यार के बार बार गिरफ्तार होने वाले व्यक्ति थे। उनका सच्चा प्यार सुरैया थीं, पर सुरैया की नानी को ये रिश्ता कुबूल नहीं था।
कल्पना कार्तिक जो उनकी फिल्मों की हीरोइन थीं, उनके साथ देव साहब का प्रेम प्रसंग हुआ और फिर जीनत अमान के साथ।
लेकिन उनकी शादी कल्पना कार्तिक के साथ हुई और इन प्रेम प्रसंगों के बावजूद इनकी शादी बची रही।
नए आशिक
आज के दौर के आशिकों में सबसे पहला नाम आता है सलमान खान का जिनके प्रेम प्रसंग हर किसी को जुबानी याद हैं। संगीता बिजलानी, सोमी अली, ऐश्वर्या राय और कटरीना कैफ।
‘खिलाड़ी कुमार’ अक्षय कुमार के कई प्रेम प्रसंग हुए। उनका प्रेम प्रसंग पूजा बत्रा, रवीना टंडन और शिल्पा शेट्टी के साथ रहा। पांच वर्ष के करियर में ही रणबीर कपूर के कई प्रेम प्रसंग हुए।
उनका प्रेम प्रसंग अवंतिका मलिक, सोनम कपूर और दीपिका पादुकोण के बाद कैटरीना कैफ के साथ शुरू हुआ। जो अब टूट गया।