Beast: रिलीज से पहले ही विजय की फिल्म को बड़ा लगा झटका, कुवैत में इस वजह से बैन हुई मूवी
फिल्म बीस्ट (हिंदी में रॉ) की रिलीज से पहले अब इससे जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई हैं। दलपति विजय और पूजा हेगड़े स्टारर इस फिल्म को अपनी बड़ा झटका लगा है।
विस्तार
साउथ अभिनेता दलपति विजय (Thalapathy Vijay) इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म बीस्ट (हिंदी में रॉ) को लेकर चर्चाओं में हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर भी लॉन्च किया गया, जिसे दर्शकों की तरफ से काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली। ऐसे में अब फैंस बेसब्री से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, फिल्म की रिलीज से पहले अब इससे जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दलपति विजय और पूजा हेगड़े स्टारर इस फिल्म को बड़ा झटका लगा है।
हाल ही में सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस फिल्म की रिलीज को कुवैत में बैन कर दिया गया है। दरअसल, फिल्म को लेकर कहा जा रहा है कि इसमें इस्लामिक आतंकवाद के सीन्स दिखाए गए हैं, जो कुवैत के हितों के खिलाफ है। ऐसे में इसे देखते हुए वहां की सरकार ने इस फिल्म पर रोक लगाने का फैसला किया है।
फिल्म के बैन होने पर इसके कलेक्शन पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि फिल्म को बैन करने की वजह आतंकवाद है। रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म में पाकिस्तान को गलत तरीके से दिखाया गया है। ऐसे में अब कुवैत के लोग इस फिल्म को रिलीज होने के बाद अपने देश में नहीं देख पाएंगे।
फिल्म की कहानी की बात करें तो बीस्ट में अभिनेता विजय, विजयवीरा राघवन नामक एक रॉ एजेंट की भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म नेल्सन की पिछली फिल्मों से अलग एक्शन और कॉमेडी से भरपूर है। इसमें तीन गाने होंगे, जिनमें से दो गाने अरबी कुथु और जॉली ओ जिमखाना रिलीज हो चुके हैं। वहीं तीसरा गाना कहानी का हिस्सा होगा। यह फिल्म 13 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
नेल्सन दिलीप कुमार द्वारा निर्देशित, बीस्ट एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसे सन पिक्चर्स द्वारा निर्मित किया गया है। फिल्म में दलपति विजय, पूजा हेगड़े और सेल्वाराघवन मुख्य भूमिका में हैं, जबकि शाइन टॉम चाको, योगी बाबू, रेडिन किंग्सले और जॉन विजय सहायक भूमिकाओं में दिखाई देंगे।