चाकू से गर्दन काटी, पत्थर से मुंह कुचला; अमिताभ के साथ काम कर चुके इस एक्टर का मर्डर
Priyanshu aka Babu Chhetri Murder: साल 2022 में आई अमिताभ बच्चन की फिल्म 'झुंड' में काम कर चुके कलाकार प्रियांशु उर्फ बाबू छेत्री का मर्डर हो गया है। प्रियांशु की हत्या उनके ही दोस्त ने बेरहमी से की है।
विस्तार
अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्म 'झुंड' (2022) में नजर आए एक्टर प्रियांशु उर्फ बाबू छेत्री की हत्या कर दी गई है। नागपुर में प्रियांशु के ही एक दोस्त ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया। उनका मर्डर बड़ी बेरहमी से किया गया है।
शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद दिया घटना को अंजाम
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार आज बुधवार 08 अक्तूबर तड़के नागपुर में शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद प्रियांशु के दोस्त ने उसकी हत्या कर दी। प्रियांशु की उम्र 21 वर्ष। आरोपी ध्रुव लाल बहादुर साहू (20) को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस मामले में जांच जारी है।
तारों से बांधकर की दोस्त ने हत्या
यह वारदात नागपुर के जरीपटका थाना क्षेत्र के नारा इलाके में हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रियांशु और ध्रुव दोस्त थे और साथ में शराब पीते थे। पुलिस ने बताया कि मंगलवार आधी रात के बाद साहू और छेत्री साहू की मोटरसाइकिल से जरीपटका इलाके के एक खाली पड़े घर में शराब पीने गए। यह घटना बुधवार सुबह छेत्री के घायल अवस्था में पाए जाने से कुछ घंटे पहले की है। उस शाम हुए एक विवाद के दौरान प्रियांशु ने साहू को धमकाया था और फिर सो गया था।
अर्धनग्न अवस्था में मिला था प्रियांशु
पुलिस ने बताया कि खुद को नुकसान पहुंचाए जाने के डर से साहू ने कथित तौर पर बाबू छेत्री को तारों से बांध दिया। उस पर धारदार हथियार से हमला किया। पुलिस ने आगे बताया कि स्थानीय लोगों ने प्रियांशु को देखा था। वह तारों से बंधा अर्धनग्न अवस्था में पाया गया। उसे मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक छेत्री और साहू दोनों के खिलाफ चोरी और मारपीट जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।