Photo: आदित्य नारायण ने 2 महीने की बेटी के साथ शेयर की फैमिली फोटो, फैंस बोले-आज की सबसे अच्छी तस्वीर
तस्वीर में सिंगर अपनी पत्नी श्वेता अग्रवाल और बेटी त्विषा के साथ नजर आ रहे हैं। यह पहली बार है जब आदित्य ने श्वेता और त्विषा के साथ अपनी फोटो पोस्ट की है। त्विषा का जन्म इसी साल 24 फरवरी को हुआ था।
विस्तार
बॉलीवुड सिंगर आदित्य नारायण और उनकी पत्नी श्वेता अग्रवाल हाल ही में माता-पिता बने हैं। अपनी बेटी का नाम उन्होंने त्विषा रखा है। उनकी बेटी आज 2 महीने की हो गई है। इस खास मौके पर आदित्य ने अपने इंस्टाग्राम पर एक शानदार फैमिली फोटो फैंस संग शेयर की है।
तस्वीर में सिंगर अपनी पत्नी श्वेता अग्रवाल और बेटी त्विषा के साथ नजर आ रहे हैं। यह पहली बार है जब आदित्य ने श्वेता और त्विषा के साथ अपनी फोटो पोस्ट की है। त्विषा का जन्म इसी साल 24 फरवरी को हुआ था। तस्वीर को शेयर करते हुए आदित्य ने लिखा, 'दो महीने पहले हमारी खुशियों का छोटा बंडल, त्विषा इस दुनिया में आई। फोटो में श्वेता त्विषा को अपने हाथ में थामे नजर आ रही हैं। वहीं आदित्य अपनी पत्नी के पीछे बैठे हुए हैं।
उनके इस पोस्ट पर सेलेब्स खूब प्यार बरसा रहे हैं। अभिनेता और गायक अध्ययन सुमन इस फोटो पर कमेंट करते हुए लिखा, 'बेबी।' वहीं सुनिधि चौहान, प्रियांक शर्मा, जैस्मीन भसीन और अली असगर ने भी इस पोस्ट को लाइक किया है। सेलिब्रिटीज के साथ फैंस भी इस फोटो पर जमकर कमेंट कर रहे हैं। एक फैन ने कमेंट किया, 'इस खूबसूरत तस्वीर के साथ हमारे दिन की शुरुआत करने के लिए शुक्रिया।' वहीं एक फैन ने कहा, 'इंटरनेट पर यह आज की सबसे अच्छी तस्वीर है।' वहीं, एक अन्य यूजर ने सवाल पूछा कि आप अपनी बेटी का चेहरा कब दिखा रहे हैं?
A post shared by Aditya Narayan Jha (@adityanarayanofficial)
बता दें कि आदित्य ने इसी साल जनवरी में इंस्टाग्राम पर श्वेता के गर्भवती होने की खबर की घोषणा की थी। पिछले महीने, आदित्य ने त्विषा को हाथ में लिए हुए अपनी एक तस्वीर साझा की थी। उन्होंने पोस्ट को कैप्शन दिया, 'आभारी, भाग्यशाली, धन्य! अगले कुछ हफ्ते अपनी एंजल के साथ बिताने जा रहा हूं। जल्द ही मिलते हैं, डिजिटल दुनिया।'
गौरतलब है कि आदित्य और श्वेता अपनी पहली फिल्म शापित की शूटिंग के दौरान मिले थे। शादी से पहले एक दशक तक दोनों रिलेशनशिप में थे। इसके बाद उन्होंने 1 दिसंबर, 2020 को मुंबई के इस्कॉन मंदिर में शादी कर ली थी।