अमर उजाला की खबर का असर, कोरोना की चपेट में आए सिने कारीगर के परिजनों को मिली 25 लाख की मदद
सिने मजदूरों के महासंघ फेडरेशन और वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलाइज के लॉकडाउन के बाद शुरू हुई शूटिंग के लिए बनाए गए नियमों में कुछ खामियां रहीं तो कुछ इसकी विशेषताएं भी हैं। उनमें से सबसे खास बात रही कलाकारों और कर्मचारियों का बीमा। यही बीमा काम आया है पिछले महीने टीवी धारावाहिक 'भाखरवाड़ी' के शूटिंग सेट पर देह त्यागने वाले दर्जी अब्दुल के परिवारजनों के।
पिछले महीने निर्माता जेडी मजीठिया के धारावाहिक 'भाखरवाड़ी' के सेट पर कोरोना वायरस से संक्रमित होकर एक दर्जी का देहांत हो गया था। इस दबी हुई खबर का खुलासा अमर उजाला ने ही सबसे पहले किया था। जेडी के अनुसार उन्हें पता ही नहीं लगा था कि वह दर्जी कोरोना से संक्रमित हो गया है। उन्होंने बताया था कि हर एक कर्मचारी की तरह उस दर्जी की भी जांच हर रोज की जाती थी लेकिन कभी भी कोई संदिग्ध मामला सामने नहीं आया।
वह दर्जी अब्दुल अपने पीछे छोड़ गया था अपने बेसहारा परिवार को। और उस परिवार की मदद हुई है उस बीमा की रकम से जो शूटिंग शुरू करने से पहले सभी गाइडलाइंस में तय किया गया था। इस धारावाहिक के निर्माता जेडी मजीठिया ने अब्दुल के परिवार को 25 लाख रुपये की बीमा की रकम पहुंचाई है। इस बात के लिए मजदूरों की फेडरेशन ने जेडी मजीठिया का धन्यवाद किया है।
बता दें कि जब अब्दुल ने अपना कोरोना परीक्षण करवाया तो उसकी रिपोर्ट देखने से पहले ही अब्दुल की मृत्यु हो चुकी थी। यह बात जब उनके साथ काम करने वाले सहकर्मियों को पता चली तो निर्माताओं ने सभी कलाकारों और कर्मचारियों का कोरोना परीक्षण करवाया। इस दौरान सेट पर काम करने वाले आठ कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इस वजह से धारावाहिक की शूटिंग भी तीन दिन तक रुकी रही। यह घटना 21 जुलाई को हुई और अब जाकर निर्माताओं ने अब्दुल के परिवारीजनों को बीमा की रकम पहुंचाई है।
पढ़ें: 'टेक ए ब्रेक' में विराट कोहली की आदतों का हुआ खुलासा, अनुष्का के इन सवालों पर हुए हिट विकेट