UPJEE Polytechnic 2025: यूपी पॉलिटेक्निक परीक्षा के लिए आवेदन का एक और मौका, जानें कितना लगेगा पंजीकरण शुल्क
JEECUP UPJEE Registration 2025: यदि आपने यूपी पॉलिटेक्निक परीक्षा के लिए अभी तक आवेदन नहीं किया है, तो आपके पास फिर से मौका है। आवेदन से चूके उम्मीदवार नीचे दी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UPJEE Polytechnic 2025: संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने जेईईसीयूपी पॉलिटेक्निक और पोस्ट डिप्लोमा इन इंडस्ट्रियल सेफ्टी परीक्षा 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 10 मई, 2025 तक आधिकारिक वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिन उम्मीदवारों ने अपने आवेदन पत्र सफलतापूर्वक जमा कर दिए हैं, वे 8 से 11 मई, 2025 तक अपने फॉर्म में सुधार कर सकते हैं। यह परीक्षा 20 से 28 मई के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड 14 मई को जारी किए जाएंगे। वहीं, परीक्षा परिणाम 10 जून 2025 को घोषित किए जाने की संभावना है।
कौन कर सकता है आवेदन?
यूपी पॉलिटेक्निक (JEECUP) परीक्षा के लिए वे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 10 (हाई स्कूल) या 10+2 (इंटरमीडिएट) की परीक्षा उत्तीर्ण की हो। पात्रता पाठ्यक्रम के अनुसार अलग-अलग हो सकती है, इसलिए विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक अधिसूचना जरूर देख लें।
जेईईसीयूपी 2025 के लिए सबसे पहले उम्मीदवारों को पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिसमें नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, लिंग, संपर्क विवरण, पहचान पत्र की जानकारी, पासवर्ड और सुरक्षा प्रश्न जैसी जानकारी भरनी होगी। इसके बाद आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को निवास, श्रेणी, उपश्रेणी, परीक्षा समूह, केंद्र विकल्प और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता जैसे अन्य विवरण दर्ज करने होंगे। साथ ही, जरूरी दस्तावेजों को निर्धारित प्रारूप में अपलोड करना अनिवार्य होगा।
इतना लगेगा आवेदन शुल्क
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों के लिए प्रति ग्रुप 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवारों को 200 रुपये प्रति ग्रुप शुल्क देना होगा।
आवेदन शुल्क का भुगतान उम्मीदवार ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कर सकते हैं। ऑनलाइन भुगतान के लिए नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड का उपयोग किया जा सकता है, जबकि ऑफलाइन भुगतान ई-चालान के माध्यम से संभव है। यदि कोई उम्मीदवार ई-चालान का विकल्प चुनता है, तो वह भारतीय स्टेट बैंक की किसी भी शाखा में जाकर भुगतान कर सकता है और आवेदन करते समय चालान को जनरेट किया जा सकता है।
परीक्षा पैटर्न
पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा के प्रश्न पत्र में कुल 100 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न होंगे। अच्छी बात यह है कि इस परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं की जाएगी, यानी गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए उम्मीदवार को 4 अंक दिए जाएंगे। परीक्षा संपन्न होने के बाद मुख्य काउंसलिंग प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की जाएगी, जबकि विशेष काउंसलिंग का आयोजन चौथे चरण में किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले आप आधिकारिक वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर जाएं
- अब होमपेज पर, UPJEE 2025 पंजीकरण लिंक पर क्लिक करें।
- फॉर्म भरकर आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म जमा कर दें।
- फॉर्म की जांच करें और डाउनलोड करें।
- अंत में भविष्य के संदर्भ के लिए एक प्रिंटआउट ले लें।
कमेंट
कमेंट X