SSC CGL: एसएससी की वेबसाइट हुई स्लो, सीजीएल की उत्तर कुंजी को चुनौती देने के लिए दिया गया दो दिन का अधिक समय
SSC CGL Answer Key: लोड बढ़ने के कारण एसएससी की वेबसाइट ठीक से काम नहीं कर रही है। इसलिए आयोग ने टियर-1 परीक्षा की सीजीएल उत्तर कुंजी को चुनौती देने के लिए दो दिन का अधिक समय दिया है। नोटिस नीचे देखें..
विस्तार
SSC CGL Answer Key 2024: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने घोषणा की है कि सर्वर पर भारी लोड के कारण टियर-1 परीक्षा की संयुक्त स्नातक स्तरीय (SSC CGL) उत्तर कुंजी के खिलाफ आपत्तियां उठाने की समय सीमा को आगे बढ़ाया जाता है। आयोग ने उम्मीदवारों को आपत्तियां उठाने के लिए दो दिन का अधिक समय दिया है। जिन भी उम्मीदवारों को उत्तर कुंजी में कोई त्रुटि मिलती है, वे आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in. पर जाकर इसके खिलाफ आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आपत्ति दर्ज करने का तरीका यहां समझें...
कर्मचारी चयन आयोग ने एसएससी सीजीएल टियर-1 उत्तर कुंजी के खिलाफ आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि को 8 अक्तूबर, 2024 तक बढ़ा दिया है। वेबसाइट पर लोड बढ़ने के कारण यह निर्णय लिया गया है। आयोग ने कल, यानी 3 अक्तबूर को एसएससी सीजीएल टियर-1 परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी की थी।
सिर्फ तिथि में हुआ है बदलाव
एसएससी ने एक आधिकारिक नोटिस में कहा, "हालांकि, यह देखा गया है कि सर्वर पर भारी लोड के कारण, सिस्टम का रिस्पॉन्स टाइम थोड़ा लंबा है। तदनुसार यह अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, जिस तक सुविधा 06.10.2024 (शाम 06:00 बजे) से 08.10.2024 (शाम 06:00 बजे) तक लाइव रहेगी। 03.10.2024 के नोटिस में उल्लिखित अन्य सभी नियम और शर्तें समान रहेंगी।"
इससे पहले, अस्थायी उत्तर कुंजी के खिलाफ आपत्तियां उठाने की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर थी। उत्तर कुंजी डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपने पंजीकरण संख्या और पासवर्ड के साथ लॉगिन करना होगा। उत्तर कुंजी को चुनौती देने की चरण-दर-चरण प्रक्रिया ग्राफिक के माध्यम से समझने के लिए यहां क्लिक करें।
इतना है चुनौती शुल्क
जो प्रतिभागी प्रारंभिक उत्तर कुंजी से संतुष्ट नहीं हैं, वे 100 रुपये का गैर-वापसीयोग्य शुल्क देकर तथा अपने दावे के समर्थन में दस्तावेज अपलोड करके उसे चुनौती दे सकते हैं।
कमेंट
कमेंट X