DUSU: छात्र संगठन आइसा और एसएफआई ने किया गठबंधन, साथ मिलकर लड़ेंगें दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव
DUSU: स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने डुसु चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा की है। दोनों साथ मिलकर छात्र संघ चुनाव लड़ेंगे।
विस्तार
DUSU Election: लेफ्ट से जुड़े छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनावों के लिए गठबंधन की घोषणा की। दोनों संगठनों ने कहा कि वे कैंपस राजनीति में पैसों और बाहुबल के दबदबे के खिलाफ एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी गई।
समझौते के अनुसार, आइसा अध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद पर प्रत्याशी उतारेगी, जबकि एसएफआई उपाध्यक्ष और सचिव पद पर चुनाव लड़ेगी। एसएफआई की दिल्ली राज्य सचिव आइशी घोष ने कहा, “एसएफआई और आइसा डीयू की राजनीति में धन और बाहुबल के वर्चस्व के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर रहे हैं। पिछले साल भी हमारे पैनल को करीब 9,000 वोट मिले थे। इस बार भी हम सुलभ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मुद्दे पर साझा मंच से लड़ाई लड़ेंगे।”
वहीं, आइसा की डीयू अध्यक्ष सावी ने आरोप लगाया कि मौजूदा सत्ता में विश्वविद्यालय “चौतरफा हमले” का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम ने शिक्षा की सामग्री और गुणवत्ता दोनों को कमजोर किया है। अलग-अलग पाठ्यक्रमों और कॉलेजों में बेतहाशा फीस वृद्धि की जा रही है। हालिया मेट्रो किराया बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर छात्रों पर पड़ेगा। इस बार का चुनाव सुलभता और गुणवत्ता की लड़ाई होगा।”
2 सितंबर को बुलाई डीयू महापंचायत
गठबंधन ने अपनी मांगों को लेकर 2 सितंबर को ‘डीयू महापंचायत’ बुलाने की घोषणा की। इन मांगों में फीस वृद्धि वापस लेना, छात्रों के लिए रियायती मेट्रो पास, सभी छात्रों को हॉस्टल सुविधा, प्रत्येक कॉलेज में आंतरिक शिकायत समितियों का गठन और तथाकथित “फर्जी SEC और VAC कोर्स” तथा आंतरिक मूल्यांकन योजना को समाप्त करना शामिल है।
नेताओं ने आरएसएस और एबीवीपी पर आरोप लगाया कि उन्होंने पिछले एक दशक में दिल्ली विश्वविद्यालय को “प्रयोगशाला” बना दिया है। गठबंधन ने कहा कि वे “शिक्षा के निजीकरण और भगवाकरण को बढ़ावा देने वाले आरएसएस-एबीवीपी-प्रशासन गठजोड़” को हराने के लिए मिलकर संघर्ष करेंगे।
कमेंट
कमेंट X