JEECUP Counselling 2026: पहले राउंड की जीकप काउंसलिंग शुरू, 30 जून तक भर सकेंगे चॉइस; नोट करें पूरा शेड्यूल
JEECUP Counselling 2026: जेईईसीयूपी की राउंड-1 काउंसलिंग 25 जून से शुरू हो गई है। उम्मीदवार 30 जून तक चॉइस फिलिंग और लॉकिंग कर सकते हैं। पहले राउंड का सीट आवंटन परिणाम 1 जुलाई को जारी होगा। चयनित अभ्यर्थियों को 2 से 5 जुलाई तक दस्तावेज सत्यापन कराना होगा।
विस्तार
JEECUP Counselling 2026: संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (पॉलिटेक्निक), उत्तर प्रदेश (JEECUP) ने पॉलिटेक्निक प्रवेश के लिए राउंड-1 काउंसलिंग प्रक्रिया 25 जून 2026 से शुरू कर दी है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चॉइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। पहले राउंड में चॉइस भरने और लॉक करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है।
फिलहाल यह काउंसलिंग इंजीनियरिंग और विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जा रही है। फार्मेसी कार्यक्रमों की काउंसलिंग का शेड्यूल अलग से जारी किया जाएगा।
1 जुलाई को जारी होगा सीट अलॉटमेंट रिजल्ट
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, पहले राउंड का सीट आवंटन परिणाम 1 जुलाई 2026 को घोषित किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को सीट आवंटित होगी, वे फ्रीज या फ्लोट विकल्प चुन सकेंगे। इसके बाद उन्हें 2 जुलाई से 5 जुलाई 2026 तक निर्धारित जिला सहायता केंद्रों पर दस्तावेज सत्यापन कराना होगा।
दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 6 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। वहीं, जो अभ्यर्थी पहले राउंड में मिली सीट को छोड़ना चाहते हैं, वे 6 जुलाई को सीट वापसी के लिए आवेदन कर सकेंगे।
JEECUP Counselling 2026: राउंड-2 का शेड्यूल
| कार्यक्रम | तिथि |
|---|---|
| फ्लोट विकल्प वाले उम्मीदवारों के लिए चॉइस फिलिंग/संशोधन | 7 से 9 जुलाई 2026 |
| राउंड-2 सीट अलॉटमेंट | 10 जुलाई 2026 |
| सीट स्वीकृति व काउंसलिंग शुल्क जमा | 11 से 13 जुलाई 2026 |
| दस्तावेज सत्यापन | 11 से 14 जुलाई 2026 |
| सीट वापसी | 15 जुलाई 2026 |
JEECUP Counselling 2026: राउंड-3 का शेड्यूल
| कार्यक्रम | तिथि |
|---|---|
| चॉइस फिलिंग/संशोधन | 16 से 17 जुलाई 2026 |
| राउंड-3 सीट अलॉटमेंट | 20 जुलाई 2026 |
| सीट स्वीकृति व काउंसलिंग शुल्क जमा | 21 से 23 जुलाई 2026 |
| दस्तावेज सत्यापन | 21 से 24 जुलाई 2026 |
| सीट वापसी | 25 जुलाई 2026 |
| कक्षाओं का शुभारंभ | 1 अगस्त 2026 |
ऐसे करें चॉइस फिलिंग
काउंसलिंग में भाग लेने वाले उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों का पालन कर सकते हैं:
- जीकप काउंसलिंग पोर्टल पर जाएं।
- आवेदन संख्या या लॉगिन आईडी और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करें।
- अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का चयन करें।
- प्रवेश की संभावना बढ़ाने के लिए अधिकतम उपलब्ध विकल्प भरें।
- चॉइस को सेव कर अंतिम तिथि से पहले लॉक कर दें।
कमेंट
कमेंट X