जेईई मेन 2027 से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न: एनटीए ने जारी सवाल-जवाब की पूरी लिस्ट, जानें क्या हैं नियम
जेईई मेन 2027 सत्र-1 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 22 नवंबर है। एनटीए से जुड़े एफएक्यू में ओसीआई और एनआरआई उम्मीदवारों के पंजीकरण, आधार और अपार आईडी तथा नाम में अंतर जैसे सवालों पर स्पष्टीकरण दिया गया है।
विस्तार
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2027 सत्र-1 के उम्मीदवारों के लिए आवेदन प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देश और स्पष्टीकरण जारी किए हैं। इनमें अपार आईडी, आधार कार्ड और दसवीं की मार्कशीट में नाम का अंतर, डिजिलॉकर के जरिए पहचान सत्यापन और विदेशी नागरिकों के पंजीकरण से जुड़े सवाल शामिल हैं।
उम्मीदवारों के लिए इन निर्देशों को समझना जरूरी है, ताकि आवेदन भरते समय पहचान और दस्तावेजों से जुड़ी गलतियों से बचा जा सके। एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जेईई मेन 2027 के आवेदन से संबंधित सूचना और पंजीकरण संबंधी सलाह उपलब्ध है।
ओसीआई उम्मीदवार जेईई मेन 2027 के लिए कैसे आवेदन कर सकते हैं?
विदेश में रहने वाले भारतीय मूल के नागरिक यानी ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) उम्मीदवारों के पंजीकरण को लेकर दिए गए स्पष्टीकरण के अनुसार, उन्हें आवेदन के समय ऑप्शन 2 - विदेशी नागरिक चुनना होगा।
इस विकल्प के तहत ओसीआई कार्डधारक वैध गैर-भारतीय पासपोर्ट (Non-Indian Passport) की जानकारी देकर पहचान संबंधी विवरण भर सकते हैं। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले जेईई मेन 2027 के सूचना पुस्तिका में दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ना चाहिए।
क्या 12वीं का रोल नंबर देना अनिवार्य है?
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 12वीं की परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के मन में आवेदन के दौरान पंजीकरण संख्या, नामांकन संख्या या रोल नंबर को लेकर सवाल हो सकता है। FAQ विवरण के अनुसार, ये जानकारियां अनिवार्य नहीं हैं। यदि आवेदन भरते समय उम्मीदवार के पास ये विवरण उपलब्ध नहीं हैं, तो वे संबंधित विकल्प में Not Available चुन सकते हैं।
आधार, पैन या अपार आईडी नहीं होने पर एनआरआई उम्मीदवार क्या करें?
ऐसे अनिवासी भारतीय (एनआरआई) उम्मीदवार जिनके पास आधार कार्ड, पैन कार्ड या अपार आईडी नहीं है, उनके लिए भी आवेदन का विकल्प बताया गया है। दिए गए स्पष्टीकरण के अनुसार, वैध भारतीय पासपोर्ट रखने वाले एनआरआई उम्मीदवार पंजीकरण पेज पर एनआरआई (Having No Aadhaar) विकल्प चुनकर आवेदन कर सकते हैं।
दसवीं की मार्कशीट और आधार कार्ड में नाम अलग होने पर क्या होगा?
यदि उम्मीदवार के दसवीं के प्रमाणपत्र या अंकतालिका और आधार कार्ड में नाम अलग-अलग दर्ज है, तो इससे जुड़ी चिंता को लेकर भी स्पष्टीकरण दिया गया है। उम्मीदवारों को जेईई मेन 2027 के आवेदन फॉर्म में अपना नाम कक्षा 10वीं के प्रमाणपत्र या अंकतालिका में दर्ज नाम के अनुसार भरना चाहिए। यानी आवेदन में नाम लिखते समय दसवीं के दस्तावेज को आधार बनाया जाना चाहिए।
दिव्यांग उम्मीदवारों के UDID कार्ड का सत्यापन कैसे होगा?
दिव्यांग (PwD/PwBD) उम्मीदवारों के यूडीआईडी (UDID) कार्ड का सत्यापन दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग (DePwD) के आधिकारिक पोर्टल से किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों के पास UDID कार्ड नहीं है, उन्हें निर्धारित प्रारूप में दिव्यांगता प्रमाणपत्र अपलोड करना होगा। जरूरत पड़ने पर एनटीए इस प्रमाणपत्र का सत्यापन जारी करने वाले प्राधिकरण से करवा सकता है।
जेईई मेन 2027 सत्र-1 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख क्या है?
एनटीए की 24 अक्तूबर 2026 की आधिकारिक सूचना के अनुसार, जेईई मेन 2027 सत्र-1 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 अक्तूबर से शुरू हुई थी। आवेदन जमा करने और परीक्षा शुल्क का सफल भुगतान करने की अंतिम तारीख 22 नवंबर 2026, रात 11:50 बजे तक है।
उम्मीदवारों को अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। आवेदन करने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारी तैयार रखना भी उपयोगी होगा।

कमेंट
कमेंट X