NEET Controversy: नीट छात्राओं के इनरवियर उतारने के मामले की होगी जांच, एनटीए ने गठित की कमेटी
केरल पुलिस की ओर से इस मामले में मंगलवार को पांच महिलाओं की गिरफ्तारी की गई है। जानकारी के मुताबिक इन्हीं पर छात्राओं के इनरवियर उतरवाने का आरोप है।
विस्तार
राष्टीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानि नीट यूजी में प्रवेश के लिए छात्राओं से उनके इनरवियर उतरवाने के मामले बड़ा अपडेट सामने आया है। परीक्षा कराने वाली एजेंसी एनटीए ने नोटिस जारी कर के बताया है कि इस मामले की जांच के लिए एक तीन सदस्य की कमेटी का गठन किया गया है। बता दें कि इस विवाद की शुरुआत केरल के कोल्लम जिले से हुई थी। 17 जुलाई, 2022 को नीट परीक्षा में शामिल हुई छात्रा ने परीक्षा से बाहर आने के बाद अपना दर्दनाक अनुभव साझा किया था।
नीट परीक्षा में छात्राओं के इनरवियर उतरवाने का मामला अब शिक्षा मंत्रालय के भी संज्ञान में आ गया है। एनटीए ने अपने नोटिस में बताया है कि शिक्षा मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार इस मामले की विस्तार से जांच के लिए एक तथ्यान्वेषी समिति का गठन किया गया है। यह समिति घटनास्थल पर जाएगी और तथ्यों की जांच करेगी। वहीं, कमेटी चार हफ्ते के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट भी सौंप देगी।
पांच महिलाएं गिरफ्तार
केरल पुलिस की ओर से इस मामले में मंगलवार को पांच महिलाओं की गिरफ्तारी की गई है। जानकारी के मुताबिक इन्हीं पर छात्राओं के इनरवियर उतरवाने का आरोप है। इससे पहले पुलिस ने एक छात्रा की शिकायत पर आईपीसी की धारा 354 और 509 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
नीट परीक्षा के दौरान हुई इस पूरी घटना के कारण अब इलाके में तनाव की स्थिती हो गई है। शिक्षण संस्थान के विरूद्ध छात्र संगठनों का प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कथित तौर पर लाठी-डंडों से संस्थान की खिड़कियों में तोड़फोड़ भी की गई है। वहीं, भाजपा ने भी संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया है।
परीक्षा में शामिल हुई छात्रा ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने सभी छात्राओं को उनके इनरवियर बाहर निकालने के निर्देश दिए थे। ऐसा करने के बाद ही उन्हें परीक्षा के लिए जाने दिया गया। छात्रा ने कहा, एक कतार में वो लड़कियां थीं, जिन्होंने हुक वाली ब्रा पहनी हुई थी, वहीं दूसरी कतार में बिना हुक वाली ब्रा पहने लड़कियां। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उनसे ब्रा उतारकर टेबल पर रखने को कहा। सभी ब्रा को आपस में बांध दिया गया था। छात्रा ने बताया, परीक्षा के बाद बाद उन्हें अपनी-अपनी ब्रा उठाने और चले जाने का निर्देश दिया गया। सुरक्षाकर्मियों ने कहा, अपनी ब्रा हाथ में लेकर चले जाओ, उन्हें पहनने की कोई जरूरत नहीं है।
कमेंट
कमेंट X