CS Scholarship: पात्रता पूरी तो छात्रवृत्ति पक्की! 12वीं में अच्छे अंक वाले छात्रों के लिए केंद्र की योजना
Scholarship Eligibility Criteria India: भारत सरकार की छात्रवृत्ति योजना 2025 का उद्देश्य मेधावी और जरूरतमंद छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक मदद देना है। 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र इस योजना के लिए पात्र हैं।
विस्तार
Central Sector Scholarship 2025: भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा कॉलेज और विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए "केंद्रीय सेक्टर छात्रवृत्ति योजना" शुरू की गई है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी रुकावट के उच्च शिक्षा जारी रख सकें। इस छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर, 2025 तय की गई है। इच्छुक छात्र scholarships.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
छात्रवृत्ति के लिए पात्रता शर्तें
इस छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को 12वीं कक्षा (10+2) या समकक्ष परीक्षा में अपनी स्ट्रीम में बोर्ड स्तर पर टॉप 20 प्रतिशत (यानी 80 प्रतिशत से अधिक अंक) में आना जरूरी है। साथ ही, छात्र को रेगुलर डिग्री कोर्स में दाखिला लिया होना चाहिए। पत्राचार, डिस्टेंस मोड या केवल डिप्लोमा कोर्स वाले छात्र इस योजना के पात्र नहीं हैं। छात्र का कॉलेज या संस्थान AICTE या अन्य संबंधित सरकारी मान्यता प्राप्त निकायों द्वारा मान्यता प्राप्त होना चाहिए।
आवश्यक आय सीमा और आवेदन प्रक्रिया
इस योजना के तहत आवेदन करने वाले छात्रों की पारिवारिक आय सभी स्रोतों को मिलाकर प्रति वर्ष 4.5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। जो छात्र चयनित होंगे, उन्हें उनके कोर्स और उसकी अवधि के अनुसार अलग-अलग राशि की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है, और इच्छुक छात्र निर्धारित वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
आरक्षण नीति और स्लॉट भरने का लक्ष्य
इस छात्रवृत्ति योजना में आरक्षित श्रेणियों जैसे अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यक और दिव्यांग (PwD) छात्रों को केंद्रीय आरक्षण नीति के तहत योग्यता के आधार पर आरक्षण का लाभ मिलेगा। इसमें SC के लिए 15%, ST के लिए 7.5%, OBC के लिए 27%, और सभी वर्गों में PwD के लिए 5% क्षैतिज आरक्षण तय किया गया है। यदि किसी वर्ष आरक्षित श्रेणी के तहत सभी स्लॉट नहीं भर पाते हैं, तो उन रिक्त सीटों को अन्य पात्र श्रेणियों को दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके और कुल सीटों की सीमा का पूरा उपयोग हो सके।
कमेंट
कमेंट X