WHO Internship: डब्ल्यूएचओ विशेषज्ञों के साथ काम करने का मौका, क्या है योग्यता? करें निःशुल्क आवेदन
WHO Internship 2026: छात्रों के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ काम करने का शानदार मौका है। WHO ग्लोबल इंटर्नशिप प्रोग्राम के जरिए छात्र विशेषज्ञों के साथ काम कर अपने कौशल और अनुभव को बेहतर बना सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
WHO Global Internship: विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का ग्लोबल इंटर्नशिप प्रोग्राम-2026 दुनियाभर के छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने और अपने ज्ञान एवं कौशल को बढ़ाने का शानदार अवसर दे रहा है। इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन निःशुल्क है। इस कार्यक्रम के लिए स्नातक से स्नातकोत्तर स्तर के योग्य छात्र आवेदन कर सकते हैं।
डब्ल्यूएचओ में जनस्वास्थ्य के साथ-साथ संचार, बाहरी संबंध, मानव संसाधन और कई अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में भी इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को डब्ल्यूएचओ के विशेषज्ञों के साथ काम करने, नई क्षमताएं विकसित करने और अपने कॅरिअर को बेहतर दिशा देने का अवसर मिलता है।
योग्यताएं
डब्ल्यूएचओ इंटर्नशिप के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र आवेदन के समय कम से कम 20 वर्ष होनी चाहिए। उम्मीदवार किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय में स्नातक, परास्नातक या स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहा हो और इंटर्नशिप शुरू होने से पहले कम से कम तीन साल की पढ़ाई पूरी कर चुका हो। पढ़ाई पूरी कर चुके उम्मीदवार भी अपनी डिग्री पूरी होने के 18 महीने के अंदर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, उम्मीदवार को संबंधित कार्यालय की कम से कम एक कामकाजी भाषा का अच्छा ज्ञान होना चाहिए और उसने पहले डब्ल्यूएचओ के इंटर्नशिप कार्यक्रम में भाग नहीं लिया हो।
स्टाइपेंड भी मिलेगा
डब्ल्यूएचओ इंटर्नशिप के दौरान सभी इंटर्न को मासिक स्टाइपेंड, चिकित्सा और दुर्घटना बीमा की सुविधा मिलेगी। इंटर्नशिप शुरू होने से पहले और समाप्त होने के बाद, यात्रा सहित बीमा की जिम्मेदारी इंटर्न की स्वयं की होगी। प्रत्येक इंटर्न को एक फॉर्म भरना होगा, जिसमें उसे अपनी आर्थिक स्थिति जैसे छात्रवृत्ति, अनुदान या किसी अन्य स्रोत से मिलने वाली मदद की जानकारी देनी होगी। इसके आधार पर डब्ल्यूएचओ यह तय करेगा कि इंटर्न आर्थिक सहायता पाने योग्य है या नहीं।
इंटर्नशिप की अवधि
डब्ल्यूएचओ इंटर्नशिप के लिए उम्मीदवार को कम से कम छह सप्ताह और अधिकतम 24 सप्ताह तक पूर्णकालिक काम करने के लिए उपलब्ध होना होगा। उम्मीदवार को अपनी वर्तमान पढ़ाई या पिछली शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण देना होगा। इसके अलावा, इंटर्नशिप शुरू होने से पहले स्वास्थ्य संबंधी फिटनेस का मेडिकल प्रमाण-पत्र भी जमा करना अनिवार्य है।
ऐसे करें आवेदन
इंटर्नशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। उम्मीदवार को आधिकारिक वेबसाइट who.int/careers/internship-programme पर जाकर अपनी पसंद की इंटर्नशिप के सामने दिए गए 'अभी आवेदन करें' बटन पर क्लिक करके आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ आमतौर पर रिज्यूमे या सीवी, कवर लेटर और प्रोफेसर या नियोक्ता का सिफारिश पत्र जमा करना होता है।
- आवेदन डब्ल्यूएचओ के ऑनलाइन रिक्रूटमेंट सिस्टम के माध्यम से कर सकते हैं।
- इंटर्नशिप की रिक्तियां डब्ल्यूएचओ कॅरिअर वेबसाइट पर पोस्ट की गई हैं।
- इंटर्नशिप के अवसर अलग-अलग कार्य क्षेत्रों और स्थानों पर उपलब्ध हैं।
- इस इंटर्नशिप में अलग पात्रता, आवश्यकताएं और आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित है।
कमेंट
कमेंट X