बिहार बोर्ड: नवंबर में 10वीं-12वीं की सेंट-अप परीक्षाएं, बीएसईबी ने घोषित की तिथियां, जानें कब शुरू होंगी
बिहार बोर्ड ने 2027 की मैट्रिक और इंटर वार्षिक परीक्षाओं से पहले होने वाली सेंट-अप परीक्षाओं की तारीखें घोषित कर दी हैं। जानिए थ्योरी और प्रायोगिक परीक्षाएं कब होंगी और किन विद्यार्थियों को इसमें शामिल नहीं होना है।
विस्तार
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने वर्ष 2027 की इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए सेंट-अप परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके अनुसार, इंटरमीडिएट की सेंट-अप परीक्षाएं 19 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित होंगी। वहीं, मैट्रिक की परीक्षाएं 23 से 27 नवंबर 2026 के बीच होंगी।
बोर्ड ने लिखित परीक्षा के साथ-साथ प्रायोगिक परीक्षाओं की तारीखें भी घोषित कर दी हैं। इंटर के विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा 30 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक होगी। मैट्रिक के विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
मैट्रिक सेंट-अप परीक्षा 2027 का कार्यक्रम क्या है?
मैट्रिक के विद्यार्थियों की सेंट-अप परीक्षा 23 नवंबर से शुरू होकर 27 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान अलग-अलग विषयों की परीक्षाएं पहली और दूसरी पाली में आयोजित की जाएंगी। लिखित परीक्षा पूरी होने के अगले दिन यानी 28 नवंबर को प्रायोगिक परीक्षा होगी।
इंटर और मैट्रिक की परीक्षाओं की तारीखें एक नजर में
| परीक्षा | लिखित परीक्षा | प्रायोगिक परीक्षा |
|---|---|---|
| इंटरमीडिएट (कक्षा 12) | 19 से 28 नवंबर 2026 | 30 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 |
| मैट्रिक (कक्षा 10) | 23 से 27 नवंबर 2026 | 28 नवंबर 2026 |
किन विद्यार्थियों को सेंट-अप परीक्षा नहीं देनी होगी?
बिहार बोर्ड के प्रेस नोट के अनुसार, पिछले वर्ष के परीक्षार्थियों (Ex.), कंपार्टमेंटल और इम्प्रूवमेंट श्रेणी के विद्यार्थियों को सेंट-अप परीक्षा में शामिल होने की जरूरत नहीं है। यह छूट इंटरमीडिएट और मैट्रिक, दोनों परीक्षाओं के विद्यार्थियों पर लागू होगी।
सेंट-अप परीक्षा में शामिल नहीं होने या असफल होने पर क्या होगा?
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सेंट-अप परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले या इसमें असफल रहने वाले विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा। इसलिए 2027 की मैट्रिक और इंटर वार्षिक परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए सेंट-अप परीक्षा में शामिल होना और इसमें सफल होना जरूरी है।
कमेंट
कमेंट X