स्पा सेंटर में चल रहा था 'धंधा', महिला आयोग ने किया खुलासा, लापरवाही में छह पुलिसकर्मी निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली महिला आयोग ने तिलक नगर स्थित एक स्पा सेंटर में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। स्पा से कई आपत्तिजनक चीजें मिली हैं। यहां मौजूद 9 महिलाओं व 5 ग्राहकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने स्पा मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने स्पा की सीसीटीवी फुटेज को भी जब्त कर लिया है। उधर, स्पा में छापे की सूचना मिलने के बाद इलाके में चल रहे तीन अन्य स्पा सेंटरों को बंद कर मालिक फरार हो गए। लापरवाही बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित और एक को लाइन हाजिर कर दिया है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बताया कि महिला आयोग ने सोमवार तड़के स्पा में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि किसी ने आयोग के हेल्पलाइन नंबर 181 पर फोन कर तिलक नगर में स्पा चलने की सूचना दी थी, जिसके बाद आयोग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर तिलक नगर स्थित अमेजिंग स्पा सेंटर पर छापा मारा।
अंदर ग्राहक आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। आपत्तिजनक चीजें भी बरामद हुईं। रिसेप्शन पर बैठी महिला को स्पा मालिक को बुलाने के लिए कहा गया, लेकिन स्पा मालिक ने अपना फोन बंद कर दिया।
पुलिस स्पा से 5 ग्राहकों और 9 महिलाओं को थाने ले गई, जहां महिलाओं का बयान दर्ज किया गया। पुलिस स्पा की सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर मामला दर्ज कर मालिक की तलाश में जुट गई है।
स्पा खोलने पर पुलिस और एमसीडी को नोटिस
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल का कहना है कि कोरोना महामारी के दौरान स्पा से संक्रमण फैलने का खतरा बहुत अधिक है, इसलिए सरकार ने स्पा खोलने की इजाजत नहीं दी है। इसके बावजूद धड़ल्ले से चल रहे स्पा को लेकर महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस व एमसीडी को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है।
एक सब इंस्पेक्टर को लाइन भेजा, एएसआई समेत छह निलंबित
तिलक नगर में चल रहेे स्पा सेंटर को लेकर पश्चिमी जिला पुलिस नेे सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है। एक सब इंस्पेक्टर को लाइन भेज दिया गया है, जबकि एक एएसआई, एक हवलदार और चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। सब इंस्पेक्टर बीट पर तैनात था, जहां स्पा सेंटर चल रहा था। महिला आयोग ने जिस स्पा सेंटर पर छापा मारा, वह तिलक नगर में स्थित है, जबकि इसका थाना इलाका हरिनगर है। सभी पुलिसकर्मी हरिनगर थाने में तैनात थे। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इनके खिलाफ जो कार्रवाई की गई है, वह दूसरे मामले में की गई है।
पश्चिमी दिल्ली में धड़ल्ले से चल रहे कई स्पा सेंटर
कोरोना महामारी के दौरान पश्चिमी दिल्ली में धड़ल्ले से कई स्पा सेंटर चल रहे हैं। दिल्ली महिला आयोग के छापे से पहले पुलिस ने हरिनगर में चल रहे एक स्पा सेंटर के खिलाफ कार्रवाई की थी। स्पा मालिक के खिलाफ पुलिस सरकारी आदेश का उल्लंघन करने का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
हरिनगर थाने में तैनात पुलिसकर्मी 28 अगस्त की शाम इलाके में गश्त कर रहे थे। गश्त करते हुए अजंता मार्केट पहुंचे, जहां पहली मंजिल पर रिलेक्स स्पा सेंटर में कुछ लोगों की हलचल दिखाई दी। वहां पर तीन-चार लोग मौजूद थे। स्पा मालिक की पहचान विष्णु गार्डन निवासी चंदन गुप्ता के रूप में हुई।
पुलिस ने चंदन गुप्ता से स्पा खोलने का कारण पूछा, लेकिन उसने कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। पुलिस ने कोरोना महामारी के दौरान प्रतिबंध के बावजूद स्पा खोलने पर उसके खिलाफ महामारी फैलाने और सरकारी आदेश का उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया।