Delhi: मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन का इस्तीफा; कैलाश गहलोत को मिला वित्त विभाग; पेश करेंगे बजट
सिसोदिया कथित आबकारी घोटाले के मामले में पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर चल रहे, वहीं मंत्री सत्येंद्र जैन पहले से ही मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद हैं।
विस्तार
सुप्रीम कोर्ट से झटका मिलने के बाद सीबीआई की गिरफ्त में आए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अपने पद से मंगलवार दोपहर बाद इस्तीफा दे दिया है। वहीं, जेल में बंद मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपना इस्तीफा भेज दिया है। मुख्यमंत्री ने अपने दोनों वरिष्ठ मंत्रियों को इस्तीफा मंजूर भी कर लिया है।
सूत्र बताते हैं कि फिलहाल मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट में नए मंत्री शामिल नहीं करने जा रहे हैं। मनीष सिसोदिया के सभी 18 विभाग दिल्ली सरकार के मंत्री कैलाश गहलोत व राजकुमार आनंद के बीच बांट दिए गए हैं। दिल्ली सरकार को बजट पेश करना है इसके मद्देनजर कैलाश गहलोत को वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब विधानसभा में वही बजट पेश करेंगे। इसके अलावा उन्हें गृह, जल और पीडब्ल्यू विभाग भी सौंपा गया है। वहीं राजकुमार आनंद को शिक्षा मंत्रालय के अलावा सिसोदिया के 10 विभागों का जिम्मा सौंपा गया है।
उधर, आप नेता सौरभ भारद्वाज ने बताया कि बेशक दोनों मंत्रियों ने इस्तीफा दिया है, लेकिन दिल्ली सरकार व आप उनके साथ खड़ी है। साथ ही सौरभ ने जानकारी दी कि आने वाले समय में दिल्ली कैबिनेट में दो नए मंत्री शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री को भेजे गए इस्तीफे में मनीष सिसोदिया ने कहा है कि उनके ऊपर कई एफआईआर दर्ज है और कई मामले दर्ज करने की तैयारी भी है। डराकर, लालच देकर तोड़ने की भी कोशिशें नाकाम होने पर गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया गया है। सिसोदिया ने आगे लिखा है कि उनको जेल जाने का कोई डर नहीं है। जितने भी आरोप लगे हैं, समय के साथ उनकी सच्चाई सामने आएगी और सारे आरोप झूठे साबित होंगे। उनका मानना है कि जेल में डाल दिए जाने के बाद अब मंत्री पद पर रहने की उनकी इच्छा नहीं है। तभी मुख्यमंत्री को त्यागपत्र भेजने की बात उन्होंने कही है। साथ ही मुख्यमंत्री से इसे स्वीकार करने की गुजारिश भी की है। इसी तरह का एक पत्र सत्येंद्र जैन ने भी मुख्यमंत्री को भेजा। दोनों वरिष्ठ मंत्रियों का इस्तीफा मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे स्वीकार भी कर लिया है।
बता दें कि मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने दिल्ली की नई आबकारी नीति (2021-22) घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद सोमवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश करने के बाद अदालत ने उन्हें चार मार्च तक की सीबीआई रिमांड में भेज दिया था। वहीं, सत्येंद्र जैन को 30 मई को गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह तिहाड़ जेल में बंद हैं।
मनीष सिसोदिया के पास थे 18 विभाग
इनमें शिक्षा, वित्त, योजना, भूमि और भवन, सेवाएं, पर्यटन, कला-संस्कृति और भाषा, जागरूकता, श्रम और रोजगार, लोक निर्माण विभाग के अलावा स्वास्थ्य, उद्योग, बिजली, गृह, शहरी विकास, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण व जल विभाग शामिल हैं। सिसोदिया दिल्ली सरकार में सबसे प्रभावशाली मंत्री थे। राज्य सरकार के सभी बड़े मंत्रालय उन्हीं के पास थे। सिसोदिया सीएम केजरीवाल के सबसे भरोसेमंद नेता हैं।
सत्येंद्र जैन के छह विभाग भी सिसोदिया के पास थे
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद उनके छह विभाग भी सिसोदिया ही संभाल रहे थे। सत्येंद्र जैन दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे। गिरफ्तारी के करीब नौ महीने बाद जैन ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दिया है।