उत्तर-पूर्वी दिल्ली में फिर मुठभेड़: वेलकम में पुलिस पर फायरिंग, बदमाश को लगी गोली; पहले से हैं कई मामले दर्ज
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में मुठभेड़ हुई है। आरोपी वारदात को अंजाम देने आया था। पुलिस ने दबोचने का किया प्रयास तो पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी। पुलिस आरोपी की पड़ताल कर रही।
विस्तार
हत्या, हत्या के प्रयास और लूटपाट के सात मामलों में शामिल बदमााश वारदात को अंजाम देने के लिए वेलकम के झील पार्क में पहुंचा। पुलिस को खबर मिली तो आरोपी को काबू करने का प्रयास किया गया। बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली बदमाश की टांग में लगी और उसे काबू कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान इमरान उर्फ काले (18) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए हैं। जख्मी हालत में उसे पहले जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस इमरान से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त डॉ. जॉय टिर्की ने बताया कि शनिवार दोपहर उनकी टीम को सूचना मिली थी कि हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट, झपटमारी और पॉक्सो के मामले में शामिल बदमाश बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए वेलकम झील पार्क में आने वाला है। खबर मिलते ही टीम वहां पहुंची।
आरोपी की पहचान कर उसे रुकने के लिए कहा गया, लेकिन अचानक आरोपी ने पिस्टल निकाली और पुलिस टीम पर दो राउंड गोलियां चला दी। गनीमत यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी। पुलिस की एक ओर से एक राउंड गोली चलाई जो आरोपी की सीधी टांग में लगी। बाद में उसे काबू कर कर लिया गया।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी 15 दिन पहले ही हत्या के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया है। बाहर आते ही उसने दोबारा से अपराध करने का प्रयास किया। इस बीच उसकी पुलिस से मुठभेड़ हुई और आरोपी को काबू कर लिया गया। अब पुलिस इमरान उर्फ काले से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।