दिल्ली: पिस्टल दिखाकर महिला से दुष्कर्म, अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी बनाई, मैट्रिमोनियल साइट पर मिला था आरोपी, केस दर्ज
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 25 दिसंबर को आरोपी ने उसे शकरपुर बुलाया। वहां से उसे एक होटल ले गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी बातचीत के बहाने उसे होटल के कमरे में ले गया। वहां पिस्टल दिखाकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया।
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में पिस्टल दिखाकर एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिये खुद को सेना का अधिकारी बताकर आरोपी ने महिला से संपर्क किया। इसके बाद सगाई और शादी की डेट तय करने की बात कर महिला को एक होटल में ले गया। वहां आरोपी ने पिस्टल दिखाकर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान जबरन उसकी अश्लील फोटो खींचने के अलावा वीडियो भी बना ली। वारदात की पुलिस से शिकायत करने पर आरोपी ने वीडियो और फोटो को सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी। परेशान होकर पीड़िता पहले थाने पहुंची। बाद में एक लिखित में शिकायत दी। छानबीन के बाद पुलिस ने दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से जींद निवासी सपना (बदला हुआ नाम) (30) लक्ष्मी नगर इलाके में एक पीजी में रहती है। कुछ सालों पूर्व सपना की शादी हुई थी, लेकिन किसी कारण उसका तलाक हो गया था। फिलहाल वह दिल्ली में रहकर ब्यूटीशियन का कोर्स कर रही थी। दिसंबर माह में पीड़िता ने खुद की शादी के लिए एक नामी मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर एक युवक का प्रोफाइल देखा।
आरोपी ने खुद को भी तलाकशुदा बताया
प्रोफाइल में आरोपी ने अपना नाम मानवेंद्र उर्फ मोनू लिखा हुआ था। इसके अलावा उसने खुद को सेना का अधिकारी भी बताया था। पीड़िता ने मानवेंद्र से बातचीत की तो उसने बताया कि वह भी तलाकशुदा है। दोनों फोन पर बातचीत करने लगे। आरोपी ने कहा कि वह जल्द ही उससे मिलेगा और सागई व शादी की डेट तय करेगा।
आरोप है कि 25 दिसंबर को आरोपी ने उसे शकरपुर बुलाया। वहां से वह सपना को लेकर एक होटल पहुंचा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी बातचीत के बहाने उसे होटल के कमरे में ले गया। वहां पिस्टल दिखाकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने रातभर उसे बंधक बनाकर कई बार उसके साथ वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो और फोटो भी खींच ली। इसके बाद आरोपी ने उसे सुबह 11 बजे छोड़ा। पीड़िता ने उससे बातचीत की कोशिश की तो आरोपी उसके बाद भी जल्द शादी करने की बात करने लगा।
आरोपी की पत्नी ने पीड़िता से किया फोन
आरोप है कि आठ फरवरी को सपना के मोबाइल पर एक महिला का कॉल आया। महिला ने बताया कि वह मानवेंद्र की पत्नी बोल रही है। मानवेंद्र के पहले से दो बच्चे हैं और उसका कोई तलाक नहीं हुआ है। पीड़िता ने आरोपी को कॉल किया तो उसने बताया कि वह ऐसा कई महिलाओं के साथ कर चुका है। आरोपी ने उसे धमकाकर पीड़िता का फोन उठाना बंद कर दिया। परेशान होकर पीड़िता शकरपुर थाने पहुंची। बाद में अधिवक्ता गौरव भारद्वाज की मदद से पीड़िता ने दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज करवाया।