Delhi: पटेल चौक से एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर तक पीएम का रोड शो, फूलों की बरसात कर नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत
रोड शो से पहले पटेल चौक से लेकर कार्यकारिणी की बैठक स्थल तक जश्न का माहौल रहा। प्रदेश भाजपा की तरफ से जगह-जगह होर्डिंग लगाए गए थे, जिस पर भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के लिए दिल्ली आगमन पर प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत व अभिनंदन लिखा हुआ था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली में रोड शो किया। पटेल चौक से एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर तक महज एक किलोमीटर का रोड शो प्रधानमंत्री का मेगा शो बन गया। पूरे मार्ग को अलग-अलग तरह की झांकियों से सजाया गया तो प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए ढोल नगाड़े भी बज रहे थे। सड़क के दोनों किनारों से पार्टी नेता व कार्यकर्ता फूलों की बरसात करते रहे तो एक झलक प्रधानमंत्री की देखने के लिए भीड़ में गुत्थमगुत्थी करते दिखे। वहीं प्रधानमंत्री ने भी एक कदम आगे निकलकर अपने वाहन के गेट पर खड़े होकर लोगों को अभिवादन करने के साथ उनका अभिवादन स्वीकारते नजर आए।
रोड शो से पहले पटेल चौक से लेकर कार्यकारिणी की बैठक स्थल तक जश्न का माहौल रहा। प्रदेश भाजपा की तरफ से जगह-जगह होर्डिंग लगाए गए थे, जिस पर भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के लिए दिल्ली आगमन पर प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत व अभिनंदन लिखा हुआ था। रोड शो शुरू होने के एक घंटे पहले से ही लोग सड़क के दोनों किनारे प्रधानमंत्री की झलक पाने के लिए ठंड की ठिठुरन में ही खड़े रहे। प्रदेश भाजपा की तरफ से लोगों के पीने के लिए पानी का इंतजाम किया गया था, साथ ही प्रदेश पदाधिकारी खुद खड़े होकर उत्साहवर्धन करते दिखे।
गीत-संगीत के बीच प्रधानमंत्री का स्वागत
प्रधानमंत्री के रोड शो के लिए प्रदेश भाजपा की तरफ से भव्य तैयारी की गई थी। प्रधानमंत्री का शो जहां से शुरू हुआ और जहां तक खत्म हुआ उतने समय तक गीत-संगीत के साथ स्वागत किया गया। कई राज्यों के कलाकार स्वागत में खड़े रहे और अपनी-अपनी भाषा में स्वागत गान किया। जगह-जगह उनके लिए मंच तैयार किया गया था। इस स्वागत के लिए पूरे जोश के साथ कार्यकर्ताओं में होड़ दिखी। एक तरह से भाजपा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब उमड़ता दिखा। फूलों की पंखुड़ियों से अपने चहेते प्रधानमंत्री का लोगों ने सत्कार किया। होर्डिंग-पोस्टर दिखाकर भी उन्हें अभिवादन और बधाई दी गई।
रही कड़ी सुरक्षा, स्वागत भी दूर से ही किया
रोड शो के दौरान कड़ी सुरक्षा रही। सड़क के दोनों किनारों से लोग प्रधानमंत्री को देख तो पा रहे थे लेकिन कड़ी सुरक्षा की वजह से फूलों की पंखुड़ी से दूर से ही स्वागत करने की मजबूरी रही। कई लोग माला भी लेकर पहुंचते थे, लेकिन दूर से ही फूल से स्वागत करते रहे। करीब 3:45 बजे पटेल चौक से शुरू हुआ यह रोड शो शाम 4 बजे एनडीमएसी कन्वेंशन सेंटर के पहले संसद मार्ग जय सिंह रोड जंक्शन पहुंचकर संपन्न हुआ।
कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना
प्रधानमंत्री के रोड शो में कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बना। साथ चलने की तो उन्हें इजाजत नहीं थी लेकिन सड़क के दोनों किनारों से जमकर मोदी-मोदी के नारे लगा रहे थे। वहीं दूर से ही सही, लेकिन मोबाइल में इस नजारे को तो कैद कर ही रहे थे, साथ ही सेल्फी लेने की भी होड़ उनमें रही। काफिला जिधर से भी गुजरा नारे से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। रोड शो से पहले पटेल चौक से लेकर कार्यकारिणी की बैठक स्थल तक जश्न का माहौल रहा।