Delhi Assembly : केजरीवाल का कटाक्ष- ईमानदार पार्टी स्कूल और अस्पताल बनाती है, बेईमान एमएलए खरीदती है...
Delhi : सीएम ने कहा कि ईमानदार पार्टी भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाना चाहती है और बेईमान अपने दोस्तों को नंबर वन बनाना चाहती है। ईमानदार पार्टी स्कूल-अस्पताल बनाती है और बेईमान एमएलए खरीदती है। देश में कम से कम एक ऐसी ईमानदार पार्टी है, जो न डरती है और न लालच देकर तोड़ी जा सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में आप को कट्टर ईमानदारी पार्टी का तमगा दिया, जबकि भाजपा को कट्टर बेईमान करार दिया। सीएम ने कहा कि ईमानदार पार्टी भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाना चाहती है और बेईमान अपने दोस्तों को नंबर वन बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि ईमानदार पार्टी स्कूल-अस्पताल बनाती है और बेईमान एमएलए खरीदती है।
मुख्यमंत्री ने सदन में दिल्ली और देश के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि देश में कम से कम एक ऐसी ईमानदार पार्टी है, जो न डरती है और न लालच देकर तोड़ी जा सकती है। आप के 49 विधायकों पर 169 से अधिक केस दर्ज किए गए। इनमें से 134 मामलों को अदालत ने खत्म कर दिया। सदन में सिसोदिया ने केंद्र पर हमला करते कहा कि एमएलए खरीदना बंद कर पेट्रोल-डीजल के दाम कम करें।
साथ ही दोस्तों के माफ कर्जे को रिकवर कर किसानों व स्टूडेंट्स के कर्जे माफ करें। आगे कहा कि एक ही सपना है कि इस देश ने जो शिक्षा मुझे और मेरे बच्चों को दी है, वही शिक्षा देश के हर बच्चे को दिलाए।
गुजरात में आप का जनाधार बढ़ा
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मनीष सिसोदिया के घर जब से सीबीआई की रेड पड़ी तब से गुजरात में आप का वोट शेयर 4 फीसदी बढ़ गया है। जिस दिन गिरफ्तारी होगी, उस दिन 6 फीसदी और बढ़ जाएगा।
विधायकों की खरीद में पेट्रोल डीजल के दाम बढ़े
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों की खरीद में 6300 करोड़ एक दल ने खर्च कर दिए। इस वजह से पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ गए। कहा, दिल्ली सरकार अगर फ्री में बिजली दे रही है तो गलत क्या है। अच्छे स्कूल व अस्पताल बनाए जा रहे हैं तो इसमें मामले दर्ज करने की क्या आवश्यकता है।
कानून व्यवस्था पर चिंता
मुख्यमंत्री ने सदन में दिल्ली की कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर की। कहा कि उपराज्यपाल व केंद्र सरकार उचित कदम उठाए, हम साथ हैं। इसमें किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए।
सार्वजनिक जीवन में जांच के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिसोदिया के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज की गई है। विधायकों को नसीहत देते हुए कहा कि हम लोग सार्वजनिक जीवन में हैं। जांच पड़ताल के लिए तैयार रहना चाहिए। बेहद खुशी है कि जांच की बात सुनते ही सिसोदिया ने कहा कि जांच के लिए पूरी तरह तैयार हूं। एलजी पर निशाना साधते हुए कहा कि सिसोदिया ने धमकी नहीं दी कि मानहानि का केस कर दूंगा।
घोटाले के कई आरोप पर जांच में मिला कुछ नहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि हर मुद्दे पर घोटाले का आरोप विपक्ष ने मढ़ा। इसमें पहले बस खरीद में घोटाला बताया तो फिर नीति, स्कूल निर्माण, अस्पताल, दवाई, सड़क, मोहल्ला क्लीनिक समेत कई मामले में घोटाला में फंसाने की कोशिश हुई। लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आप महिलाओं का सम्मान करती है, भारत की परवाह करती है, भारतवाद करती है। दुनिया का नंबर वन देश बनाना चाहती है।
विधायक गुप्ता सदन से निलंबित, 3 को निकाला
दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र के पांचवें दिन बृहस्पतिवार को भी भाजपा विधायकों ने भ्रष्टाचार के मुद्देे पर बोलने का अवसर नहीं मिलने के विरोध में जमकर हंगामा किया। सत्र के अंतिम दिन हंगामा करना उन्हें महंगा पड़ गया। विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़लान ने भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता को पूरे सत्र के लिए सदन से निलंबित कर दिया, जबकि उसके तीन सदस्यों को दिनभर के लिए मार्शल आउट किया। इसके विरोध में नेता प्रतिपक्ष रामवीर बिधूड़ी एवं अन्य तीन सदस्यों ने सदन का बहिष्कार कर दिया।
सदन बैठक आरंभ होते ही नेता प्रतिपक्ष रामवीर बिधूड़ी, भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता, ओपी शर्मा, अभय वर्मा, अजय महावर व अनिल वाजपेयी ने चार दिन से विपक्ष को नहीं बोलने देने का मुद्दा उठाया। इस दौरान उनकी विधानसभा की कार्यवाही का संचालन कर रही उपाध्यक्ष राखी बिड़लान से काफी देर तक बहस हुई। विजेंद्र गुप्ता ने उन पर सदन में भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सदन में बात नहीं रखने दी जा रही है, जबकि दिल्ली की जनता समस्याओं से परेशान है और दिल्ली सरकार में भ्रष्टाचार हो रहा है।
इस मुद्दे पर अड़े रहने के कारण राखी बिड़लान ने पहले विजेंद्र गुप्ता को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया। इसके बाद उन्होंने अभय वर्मा, अजय महावर व अनिल वाजपेयी को पूरे दिन के लिए निलंबित कर दिया। उन्होंने भाजपा के इन चारों विधायकों को मार्शलों की मदद से बाहर निकलवाया और उन्होंने विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू कराते हुए आप विधायकों को बुलवाना आरंभ किया। उनकी ओर से केंद्र सरकार पर आरोप लगाने के कारण नेता प्रतिपक्ष रामवीर बिधूड़ी एवं भाजपा के तीन अन्य विधायक सदन से निकल गए। ब्यूरो
सीएम आवास के बाहर भाजपा ने दिया धरना
दिल्ली विधानसभा का सदन स्थगित होने के बाद भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास पर धरना दिया। इस दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की। मुख्यमंत्री निवास पर धरने में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में विधायकों ने काफी देर तक मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।
उन्होंने कहा कि विधानसभा के विशेष सत्र के पांचों दिन उन्हें निकालकर दिल्ली सरकार ने लोकतंत्र की हत्या की है। नेता प्रतिपक्ष बिधूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने आपको कट्टर ईमानदार कहते है, लेकिन उनके उपमुख्यमंत्री के खिलाफ सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की और एक अन्य वरिष्ठ मंत्री तीन महीने से जेल में हैं। इस मौके पर विधायक मोहन सिंह बिष्ट, विजेंद्र गुप्ता, ओम प्रकाश शर्मा, जितेंद्र महाजन, अनिल वाजपेयी, अभय वर्मा और अजय महावर आदि उपस्थित थे।
विधानसभा के मुख्य गेट पर भाजपा का प्रदर्शन
भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को दिल्ली विधानसभा के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। कुछ नेता व कार्यकर्ता मुख्य गेट के अंदर पहुंच गए, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तत्काल बाहर निकालकर गेट बंद दिया। इसके बाद भाजपाई गेट पर चढ़ गए। भाजपा के करीब सौ नेता व कार्यकर्ता बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे विधानसभा के मुख्य गेट पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली सरकार के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। प्रदर्शन में पूर्व महापौर जयप्रकाश जेपी व अवतार सिंह, पूर्व विधायक मनोज शौकीन, प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी अशोक गोयल, हरीश खुराना, विरेंद्र सचदेवा, सुनील यादव आदि प्रमुख तौर पर शामिल थे।