दिल्ली: थप्पड़ का बदला लेने के लिए की थी आइसक्रीम विक्रेता की हत्या, तीन नाबालिग पकड़े गए
आरोपियों ने बताया कि तमकीन तीनों को जानता था। आते-जाते वह तीनों लड़कों पर व्यंग करता था। तमकीन ने एक लड़के को थप्पड़ मार दिया था। उसका बदला लेने के लिए आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भजनपुरा में आइसक्रीम विक्रेता की चाकू मारकर हत्या करने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन नाबालिग आरोपियों को गुरुवार देर रात पकड़ा है।
आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल दो गुप्ती (छोटी-तलवार) भी बरामद कर ली हैं। पूछताछ के दौरान एक नाबालिग ने बताया कि आइसक्रीम विक्रेता तमकीन आते-जाते उन पर व्यंग्य करता था। इसके अलावा झगड़े के दौरान एक दिन तमकीन ने थप्पड़ भी मार दिया था। इसका बदला लेने के लिए तमकीन की हत्या की। बाद में वह मेरठ भाग गए थे। अगले दिन दिल्ली पहुंचने पर पुलिस ने पकड़ लिया।
उत्तर-पूर्वी जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त देवेश कुमार महला ने बताया कि बुधवार देर रात को सुभाष मोहल्ला के पास एक युवक को चाकू मारने की सूचना मिली थी। पुलिस की टीम वहां पहुंची। घायल तमकीन (45) को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तमकीन सुबह में आइस्क्रीम और शाम को सब्जी बेचता था। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला तो आरोपी लड़के दिखाई दिए। गुरुवार देर रात को पुलिस ने तीनों आरोपियों को नूर-ए-इलाही चौक के पास से दबोच लिया। तीनों की उम्र 16 से 17 साल के बीच थी।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि तमकीन तीनों को जानता था। आते-जाते वह तीनों लड़कों पर व्यंग करता था। इस बात पर मंगलवार को तमकीन से उनका झगड़ा हुआ था। तमकीन ने एक लड़के को थप्पड़ मार दिया था। उसका बदला लेने के लिए आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। बाद में पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया। पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।