किराया मांगने पर पत्नी के सामने ई-रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या
-घायल पीड़ित का सफदरजंग अस्पताल में चल रहा था इलाज, रविवार देर रात पीड़ित ने दम तोड़ा
-पत्नी के बयान पर पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में किराया मांगने पर एक युवक ने ई-रिक्शा चालक को उसकी पत्नी के सामने चाकू से गोद दिया। घटना को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गया। पीड़ित को पास के अस्पताल से सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पीड़ित की पत्नी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
मृतक की शिनाख्त मुलत: एटा यूपी निवासी रामविलास के रूप में हुई। वह अपनी पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ राजीव नगर में रहता था और किराये पर ई-रिक्शा लेकर राम रहीम चौक से जहांगीरपुरी के बीच चलाता था।
रामविलास की पत्नी निर्मला ने बताया कि उसका पति काम खत्म करने के बाद रात आठ बजे तक घर आ जाता था। शनिवार देर रात जब वह घर नहीं आया तो वह उसकी तलाश करते हुए राम रहीम चौक पहुंच गयी। जहां उसके पति का भलस्वा डेयरी निवासी सुमित के साथ झगड़ा होते हुए देखा।
निर्मला के बीच बचाव करने पर सुमित ने चाकू निकाल लिया और कहने लगा कि वह इलाके का दादा है और रामविलास ने उससे किराया मांगा है। उसके बाद सुमित ने रामविलास को चाकू मार दिया। चाकू लगते ही रामविलास वहीं गिर गया।
इसी दौरान ई-रिक्शा का मालिक आ गया और उसने रामविलास को जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से राम विलास को इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सफदरजंग अस्पताल पहुंची।
जहां रामविलास बयान देने की स्थिति में नहीं था। अगले दिन पुलिस ने निर्मला के बयान पर हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया। देर रात रामविलास के दम तोड़ देने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।