दिल्ली: आठ माह के बच्चे का शव पानी की टंकी में मिला, हत्या की आशंका
डीसीपी प्रियंका कश्यप ने बताया कि दल्लूपुरा निवासी पिंटू कुमार मंगलवार दोपहर अपने आठ महीने के बेटे को लेकर लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचा था, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। संदेह होने पर डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दे दी।
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर के दल्लूपुरा इलाके में मंगलवार को आठ माह के बच्चे का शव छत पर रखी पानी की टंकी में मिला। पुलिस को आशंका है कि बच्चे की हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर इस बात का पता लगा रही है कि कोई बाहरी व्यक्ति मकान में घुसा था या फिर मकान में किराएदार के रूप में रहने वाले किसी व्यक्ति ने घटना को अंजाम दिया है।
जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि पिंटू कुमार अपनी पत्नी पूनम और तीन बच्चों के साथ दल्लूपुरा के कुआं चौक स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर किराए पर रहता है। मकान में कई किराएदार हैं। इसका मालिक भी यहीं पर रहता है। पिंटू मूलत: बिहार का रहने वाला है। वह एक निजी कंपनी में काम करता है। मंगलवार दोपहर पिंटू कुमार अपने आठ महीने के बेटे को लेकर लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचा था, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामला संदेहास्पद होने पर अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि पिंटू की पत्नी पूनम मंगलवार दोपहर अपने तीन बच्चों साढ़े चार साल, ढाई साल और आठ महीने को कमरे पर बंद कर बाहर से कुंडी लगाकर घर से किसी काम से निकली थी। कुछ देर बाद वापस लौटने पर उसने कमरे पर आठ माह का बच्चे को गायब पाया। बच्चे की काफी तलाशने के बाद पूनम ने अपने पति को घटना की जानकारी दी। उसके बाद सभी बच्चे की तलाश करते हुए छत पर पहुंचे। टैंक की तलाशी लेन पर बच्चा वहां पानी में डूबा हुआ मिला। पिंटू बच्चे को लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया। अस्पताल से पुलिस को घटना की जानकारी मिली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिले के आला पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मकान में रहने वाले किराएदारों से पूछताछ की। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर किसी से विवाद होने के बारे में जानकारी हासिल कर रही है। पुलिस ने आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरे को कब्जे में ले लिया है और साढ़े चार साल के बच्चे की काउसलिंग कर रही है।