मोहब्बत की सजा मौत: दूसरे समुदाय की युवती से प्रेम करता था युवक, भाई ने कर दी हत्या, इलाके में तनाव
प्रेमी-प्रेमिका अक्सर फोन पर बातचीत करते थे। करीब तीन माह पूर्व यह बात युवती के भाई को पता चली तो उसने बहन के प्रेमी को धमकाया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ था, लेकिन लोगों ने मामले को खत्म करवा दिया था।
विस्तार
पश्चिम दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में मंगलवार रात एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त डबलू सिंह (26) के रूप में हुई है। डबलू सिंह दूसरे समुदाय की एक युवती से प्रेम करता था। यह बात लड़की के भाई को इस कदर नगवार गुजरी कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर डबलू को चाकू से गोद डाला। डबलू किसी तरह खुद ही ऑटो में बैठकर गुरु गोविंद सिंह अस्पताल पहुंचा, वहां हालत बिगड़ने पर उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
हत्या के बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया। शरारती लोगों ने मामले को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया। देर रात को ही इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने हत्या के आरोप में युवती के भाई लाडला उर्फ फरान (20) और इसके दोस्त शाहलम उर्फ चन्ना (24) को गिरफ्तार कर लिया है। राजौरी गार्डन थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, डबलू सिंह परिवार के साथ टीसी-कैंप, रघुबीर नगर इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता चंद्रेश सिंह, मां, एक भाई व बहन हैं। डबलू कपड़ों पर रंगाई का काम करता था। डबलू इलाके की ही रहने वाली दूसरे समुदाय की युवती से प्रेम करता था।
यह बात लाडला को पता चली तो वह आगबबूला हो गया
आरोप है कि डबलू दोबारा लाडला की बहन से बातचीत कर रहा था। यह बात लाडला को पता चली तो वह आगबबूला हो गया। मंगलवार रात को इलाके में ही लाडला ने डबलू को रोक लिया। उस समय उसके साथ चन्ना भी मौजूद था। कहासुनी के दौरान आरोपियों ने पहले डबलू को पीटा। इसके बाद लाडला ने चाकू निकालकर उस पर कई वार दिए। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। वारदात के बाद डबलू ने खुद ही ऑटो लिया और वह अस्पताल पहुंच गया।
उधर घटना की जानकारी इलाके में लोगों को मिली तो इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया। कुछ शरारती लोगों ने मामले को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया। घटना के बाद दोनों से भीड़ भी जुट गई, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही हालात संभाल लिये। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। देर रात को ही पुलिस ने आरोपी लाडला व उसके दोस्त चन्ना को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली है।
मामले को जानबूझकर सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास
मामले की जांच कर रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना को जानबूझकर सांप्रदायिक बनाने का प्रयास किया गया। जबकि झगड़े में दो समुदायों वाली कोई बात नहीं है। आरोपी लाडला के पिता ने परिवार को छोड़ा हुआ है। लाडला की मां फिलहाल किसी सुबोध नामक शख्स के साथ रहती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यहां दो समुदायों के झगड़े का कोई सवाल ही नहीं उठता है। खुद वरिष्ठ अधिकारियों को इलाके में तैनात किया गया है।
पुलिस ने दोनों समुदायों के लोगों के साथ बैठक कर शांति बनाए रखने की अपील की
घटना के बाद कुछ ऐसे हालात बने कि पुलिस बल तैनात करना पड़ा। पुलिस ने बुधवार को दोनों समुदाय के लोगों के साथ बैठक कर शांति बनाए रखने की अपील की। दोनों ही ओर से इलाके के मोहज्जिज लोग बैठक में मोजूद रहे। पुलिस ने बुधवार को डीडीयू अस्पताल में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच डबलू के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। जिले के वरिष्ठ अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।