राहत: होली स्पेशल ट्रेनें करेंगी यात्रियों की राह आसान, आनंद विहार-पटना समेत तीन विशेष ट्रेनें चलाएगा रेलवे
ट्रेन संख्या 03256 आनंद विहार टर्मिनल-पटना स्पेशल 10 से 24 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को आनंद विहार टर्मिनल से रात्रि 11:30 बजे चलेगी और अगले दिन शाम 5:20 बजे पटना पहुंचेगी। मार्ग में दानापुर, आरा, बक्सर, पं. दीनदयाल उपाध्याय, प्रयागराज व कानपुर सेंट्रल स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी।
विस्तार
होली स्पेशल ट्रेनें चलाकर रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे ने आनंद विहार-पटना, सूबेदारगंज-ऊधमपुर व पटना-अहमदाबाद के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 03255/03256 आनंद विहार-पटना-आनंद विहार के बीच चलेगी। यह ट्रेन 10 फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 03255 पटना-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 9 से 23 मार्च के बीच प्रत्येक गुरुवार और रविवार को पटना से रात्रि 10:20 बजे चलेगी। ट्रेन से वापसी की दिशा में आने वालों को राहत मिलेगी। ट्रेन संख्या 03256 आनंद विहार टर्मिनल-पटना स्पेशल 10 से 24 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को आनंद विहार टर्मिनल से रात्रि 11:30 बजे चलेगी और अगले दिन शाम 5:20 बजे पटना पहुंचेगी। मार्ग में दानापुर, आरा, बक्सर, पं. दीनदयाल उपाध्याय, प्रयागराज व कानपुर सेंट्रल स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 04141 सूबेदारगंज-उधमपुर स्पेशल 3 मार्च से 30 जून तक हर शुक्रवार और सोमवार को चलेगी। वापसी में 04142 ऊधमपुर-सूबेदारगंज स्पेशल 4 मार्च से 1 जून तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को उधमपुर से चलेगी। कानपुर सेंट्रल, इटावा, टूंडला, अलीगढ़, खुर्जा, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट व जम्मूतवी स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ट्रेन रुकेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 09417 अहमदाबाद-पटना स्पेशल 6 मार्च को अहमदाबाद से चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09418 पटना-अहमदाबाद स्पेशल 7 मार्च को पटना से चलेगी।
मार्ग में नडियाद, छायापुरी, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, भरतपुर, अछनेरा, मथुरा, कासगंज, फर्रुखाबाद, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, सुल्तानपुर, जौनपुर सिटी वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा तथा दानापुर स्टेशन पर दोनों दिशाओं में रुकेगी।
ओल्ड पेंशन स्कीम लागू कराने का लिया संकल्प
रेलकर्मियों ने ओल्ड पेंशन स्कीम लागू कराने का संकल्प लिया है। इसके लिए नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे (एनएफआईआर) की 236वीं वर्किंग कमेटी की बैठक में पदाधिकारियों ने साफ कहा कि वह अपने हक के लिए सड़क से संसद व रेलवे ट्रैक तक लड़ने को तैयार हैं। यह भी कहा कि चार राज्यों में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू कर दी गई है और केंद्र सरकार सक्षम होते हुए भी रेल कर्मियों की मांग को दरकिनार कर रही है।
रेलवे यूनियन की बैठक में एनएफआईआर के महासचिव डॉ. एम राघवैया ने कहा कि ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली के लिए कड़ा संघर्ष करना होगा। इसके लिए सभी को संकल्प लेना चाहिए, जिससे कि रेलवे के 13 लाख कर्मचारी पूरी शक्ति से इस लड़ाई को लड़ें। 10 लाख से अधिक सदस्यता वाली नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे पूरी शक्ति के साथ चरणबद्ध आंदोलन रेलवे के सभी जोन, मंडल व ब्रांचों में करेगी।