{"_id":"5fa3ded68ebc3e9b874ee368","slug":"ghaziabad1604574934","type":"story","status":"publish","title_hn":"आलमारी ठीक करने आए शातिर दस लाख के जेवर चोरी कर फरार","category":{"title":"Local","title_hn":"लोकल","slug":"local"}}
आलमारी ठीक करने आए शातिर दस लाख के जेवर चोरी कर फरार
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन
साहिबाबाद। लाजपतनगर ई ब्लॉक निवासी रियल एस्टेट काम करने वाले के घर आलमारी ठीक करने आए शातिर चोर करीब दस लाख रुपये के सोने और हीरे के जेवर समेत ४० हजार रुपये चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान पीडि़त की मां घर पर थी। शातिरों ने चाय बनाने के लिए उन्हें रसोई में भेजा दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीडि़त की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं चोरों ने वैशाली सेक्टर तीन स्थित मामा और भांजे के फ्लैटों के ताले तोड़कर करीब चार लाख रुपये के नकदी जेवर चोरी कर लिए। पीडि़त ने कौशांबी पुलिस से शिकायत की है।
लाजपतनगर के ई ४५ में ईश्वर सिंह मां व पूरे परिवार के साथ रहते हैं। वह रियल एस्टेट का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके घर की एक आलमारी का लॉक कुछ खराब था। जिसे ठीक करने के लिए बुधवार दोपहर को एक युवक को बुलाया गया। वह अपने साथ एक अन्य साथी को लेकर पहुंचा। इस दौरान घर पर उनकी मां अकेली थी। दोनों ने आलमारी देखकर काम शुरू किया। इसके बाद उनकी मां को चाय बनाने के बहाने से रसोई में भेज दिया। इसी बीच उन्होंने आलमारी के ही लॉकर में रखे करीब दस लाख रुपये कीमत के हार, हीरे की अंगूठी, सोने के कंगन, चेन और ४० हजार रुपये निकालकर अपने बैग में रख लिए। इसके बाद काम होने की बात कहकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीडि़त को बाद में इसकी जानकारी हुई। पीडि़त ने कंट्रोल रूम को मामले की सूचना दी। दिनदहाड़े चोरी से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसएचओ साहिबाबाद विष्णु कौशिक ने बताया कि फेरी वालों को आलमारी सही करने के लिए बुलाया था। इसी बीच आरोपी चोरी कर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द आरोपियों को पकड़कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
एक दिन पहले बुलाया था लॉक ठीक करने, दूसरे दिन साथी के साथ पहुंचा
पीडि़त ने बताया कि एक दिन पूर्व आलमारी का लॉक ठीक करने के लिए फेरी वाले को बुलाया था। लेकिन वह कुछ देर में आने की बात कहकर दूसरे दिन अपने साथी के साथ साइकिल पर पहुंचा। इसके बाद एक शातिर लॉक ठीक करने का बहाने से काम में जुटा रहा। इसी की आड़ में दूसरे साथी ने लॉकखोलकर सारे जेवर अपने साथ लाए बैग में रख लिए और मौके से साइकिल पर दोनों फरार हो गए। घर में आते और जाते हुए दोनों आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।
विज्ञापन
मामा भांजे के फ्लैट का ताला तोड़कर चार लाख की चोरी
- मामा परिवार समेत गए थे अपने गांव बिहार, भांजा गया था काम पर
- पड़ोसी ने शाम को मेनगेट खुला देखकर पीडि़त को दी जानकारी
- कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली सेक्टर तीन का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वैशाली सेक्टर तीन निवासी लकड़ी कारोबारी मामा और भांजे के बंद फ्लैटों का ताला तोड़कर चोरों ने करीब चार लाख रुपये के जेवर व नकदी चोरी कर लिए। पड़ोसी ने मेनगेट का ताला खुला देखकर पीडि़त को कॉल कर जानकारी दी। पीडि़त ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से बिहार के दरभंगा निवासी रतन शर्मा वैशाली सेक्टर तीन स्थित ३२५-४ में परिवार के साथ रहते हैं। उनका नोएडा एक्सटेंशन में लकड़ी के फर्नीचर का कारोबार है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन में उनका परिवार घर गया हुआ है। जबकि उनके पड़ोस में ही मामा लल्लन शर्मा का फ्लैट है। उनका दिल्ली में लकड़ी के फर्नीचर का कारोबार है। मामा परिवार समेत गांव गए हुए थे। बुधवार सुबह करीब १०.३० बजे रतन लाल भी अपने काम पर नोएडा चले गए। शाम करीब चार बजे उनके फ्लोर पर ऊपर रहने वाले पड़ोसी ने कॉल कर बताया कि उनका मेनगेट खुला हुआ है। वह करीब पांच बजे घर पहुंचे तो देखा कि चोरों ने तीन ताले तोड़कर १२ हजार नकद और करीब डेढ लाख के जेवर चोरी कर लिए। वहीं पड़ोस में मामा के फ्लैट से चोर करीब ६० हजार रुपये और ढाई लाख के जेवर चोरी कर ले गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौका मुआयना कर चली गई। बृहस्पतिवार को पीडि़त ने कौशांबी थाने में तहरीर दी है। एसएचओ कौशांबी अजय सिंह ने बताया कि पीडि़त की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
अन्य बंद फ्लैटों को नहीं बनाया निशाना
पीडि़त रतन लाल ने बताया कि जब सुबह वह काम पर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में कपड़े प्रेस करने वाले ने उन्हें रोककर पूछा कि आजकल कपड़े प्रेस के लिए नहीं आ रहे। घर पर कोई है नहीं क्या। मामा के यहां से भी कपड़े नहीं आ रहे हैं। रतन ने बताया कि परिवार गांव गया है। शाम को उन्हें घर में चोरी होने की जानकारी मिली। रतन का कहना है कि उनके आसपास के और भी फ्लैट बंद थे। उनमें चोरी नहीं हुई। उनके और मामा के फ्लैट को ही कैसे निशाना बनाया गया। इसपर उन्हें शक है। पुलिस जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन