{"_id":"5f6cebbd8ebc3ee6cd4934a6","slug":"ghaziabad1600973757","type":"story","status":"publish","title_hn":"बरौली में बुग्गी निकालने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष, गांव में फोर्स तैनात","category":{"title":"Local","title_hn":"लोकल","slug":"local"}}
बरौली में बुग्गी निकालने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष, गांव में फोर्स तैनात
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुलंदशहर। स्याना कोतवाली क्षेत्र के गांव बरौली वासुदेवपुर में तीन दिन से चल रहे विवाद ने बृहस्पतिवार को रौद्र रूप ले लिया। दो पक्षों में बीते दिनों बुग्गी निकालने को लेकर हुए विवाद के बाद बृहस्पतिवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से पथराव हुआ। जिसमें तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसपी सिटी समेत विभिन्न थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाल लिया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव बरौली वासुदेवपुर में तीन दिन पूर्व दो पक्षों के बीच बुग्गी निकालने को लेकर विवाद हो गया था। सूत्रों की मानें तो इस दौरान एक पक्ष के एक युवक को चोट भी आई थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले को मामूली मानते हुए कोई ठोस कदम नहीं उठाया था। वहीं, बृहस्पतिवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। देखते ही देखते गांव में बवाल की स्थिति उत्पन्न हो गई। दोनों पक्षों की ओर से पथराव किया गया। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से कान्हा ठाकुर पुत्र नरेश, अलीमुद्दीन पुत्र कलुवा और करमुद्दीन पुत्र जुल्लू गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ एसपी सिटी और विभिन्न थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में किया। साथ ही घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
एक पक्ष की ओर से दी गई तहरीर
इस दौरान कान्हा ठाकुर ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। जिसमें उसने बताया कि गांव में ही उसकी रेडीमेड की दुकान है। बृहस्पतिवार दोपहर को गांव निवासी मेवाती पक्ष के करीब २०-२५ लोग उसकी दुकान में घुस आए। आरोपियों के पास धारदार हथियार और लाठी डंडे थे। देखते ही देखते आरोपियों ने पीडि़त के गल्ले से हजारों रुपये की नगदी व मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीडि़त पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी वहां से पीडि़त पक्ष के अन्य लोगों को भुगतने की धमकी देते हुए गांव की ओर चले गए। पीडि़त ने पांच नामजद समेत १५-२० अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
दूसरे पक्ष की ओर से दी गई तहरीर
मामले में दूसरे पक्ष की ओर से सिराजुद्दीन पुत्र जल्लू की ओर से तहरीर दी गई है। जिसमें उसने बताया कि उसका भाई कमरूद्दीन पुताई का काम करता है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे पीडि़त का भाई कमरुद्दीन घर लौट रहा था। इस दौरान गांव निवासी ११ नामजद व अन्य अज्ञात आरोपियों ने उसे रोक लिया। साथ ही उसके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने अवैध असलाह से फायरिंग भी की। जिसमें पीडि़त का भाई बाल बाल बचा। अन्य लोगों को आता हुआ देख आरोपी मौके से उसे हत्या की धमकी देकर भाग निकले। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकी थी।
सड़क पर फैली थी सब्जी, घरों के बाहर पत्थर और धारदार हथियार
बवाल के बाद गांव का हाल भयावह नजर आ रहा है। स्याना बुलंदशहर मार्ग स्थित दो सब्जी की दुकानें तितर-बितर हो पड़ी हुई थीं। सब्जी हाईवे पर फैली हुई थीं। लोग घरों से दुबके हुए बाहर झांक रहे थे। वहीं, दूसरी ओर दोनों पक्षों के घरों के बाहर ईंट-पत्थर और धारदार हथियार पड़े हुए थे।
गांव की गलियां थीं सूनी, घर में कैद थे लोग
गांव में हुए बवाल के बाद हड़कंप मच गया था। जिसके बाद ग्रामीण अपने घरों में कैद हो गए थे। लोग खिड़की और छतों से झांककर देख रहे थे। लेकिन, इस दौरान लोग घरों से बाहर निकलने से कतराते नजर आए।
पुलिस ने किया मार्च, चप्पे चप्पे पर तैनात हुई फोर्स
गांव की तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए आनन फानन में विभिन्न थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया था। इस दौरान गांव की गलियों और चौपाल आदि पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। हालांकि, फिलहाल स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है।
पहले ही होती कार्रवाई तो शायद नहीं होता बवाल
बवाल के बाद डरे-सहमे से ग्रामीणा पुलिस की कार्रवाई पर भी सवालिया निशान लगा रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि तीन दिन पूर्व हुई वारदात के बाद पुलिस ने कोई सख्त एक्शन नहीं लिया था। यदि उसी दौरान पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ थोड़ा सख्त कार्रवाई कर देती तो शायद बृहस्पतिवार को हुए बवाल से बचा जा सकता था।
कोट
मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिल गई है। मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। घायलों को उपचार के लिए भेज दिय गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन