देहरादून: खंडहर में मिला युवक का जला हुआ शव, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
- हत्या की भी आशंका, कूड़ा बीनने के साथ नशे का आदी था डोईवाला का युवक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देहरादून के लक्खीबाग क्षेत्र के खंडहर में मंगलवार को एक युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ। युवक की हत्या हुई या फिर वह किसी अनहोनी का शिकार हुआ है, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। डोईवाला का यह युवक कूड़ा बीनने का काम करता था और नशे की लत का शिकार था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस तमाम आशंकाआें की जांच में जुटी है।
लक्खीबाग पुलिस चौकी पर मंगलवार को करीब पौने तीन बजे मंगनी ने अपने साथी विनय के साथ आकर सूचना दी कि उसके भाई सोनू उर्फ तीतर (32) निवासी केशवपुरी, डोईवाला का शव भगवती पैलेस के पास खंडहर में पड़ा हुआ है। शव पूरी तरह जला हुआ है। सीओ सिटी शेखर सुयाल और शहर कोतवाल शिशुपाल नेगी मौके पर आकर जांच की। पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने भी घटनास्थल का अवलोकन किया। इसके बाद एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्यों का संकलन किया।
पुलिस के मुताबिक सोनू कूड़ा बीनने का काम करने के साथ नशे का आदी था। उसे मिर्गी के दौरे भी पड़ते थे। पता चला कि खंडहर में नशा करने वालों का जमावड़ा रहता है। हो सकता है कि नशा करने के बाद हुए झगड़े में किसी ने उसकी हत्या कर दी गई या फिर वह किसी हादसे का शिकार हुआ हो। पुलिस ने फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोनू के माता-पिता नहीं हैं। इस कारण वह खानाबदोश प्रवृत्ति का था। प्रथम दृष्टया शव दो दिन पुराना लग रहा है।
आबादी के बीच है नशेबाजों का अड्डा
भगवती पैलेस के पास जिस खंडहर में सोनू उर्फ तीतर का जला हुआ शव बरामद हुआ है, वह आबादी के बीच है। खंडहर के एक हिस्से में क्षतिग्रस्त कमरा है, जबकि दूसरे हिस्से में गंदगी का अंबार है। इस खंडहर की तार लगाकर घेराबंदी की गई है।
पुलिस मौके पर आई तो साफ हुआ कि यहां पर कूड़ा बीनने वाले का जमावड़ा रहता है, जो कई तरह का नशा करते है। किसी तरह की टोका-टाकी न होने के कारण यहां दूर-दराज के नशेबाज जमा होते हैं। पुलिस का कहना है कि इससे पहले किसी ने कोई शिकायत नहीं की।
सोनू की हत्या हुई या फिर किसी हादसे का शिकार हुआ है, इस बारे में अभी कुछ भी कहना मुमकिन नहीं है। पुलिस तमाम आशंकाओं पर काम कर रही है। नशा करने वाले युवकों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण आने के बाद तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।
-श्वेता चौबे, पुलिस अधीक्षक नगर।