काशीपुर: अस्पताल में वृद्धा का खून से सना चेहरा देख गश खाकर गिरी महिला, मौत
बेहोशी की हालत में अस्पताल लाई गई घायल वृद्धा का खून से लथपथ चेहरा देखकर एक महिला गश खाकर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। बुधवार सुबह तहसीलदार वीसी पंत ने कोतवाली पुलिस को स्टांप वेंडर के फड़ पर एक वृद्धा के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना दी। वृद्धा का चेहरा सूजा था। चेहरे पर जगह-जगह चोट के निशान थे।
खून सूखकर चेहरे पर जम गया था। पुलिस ने वृद्धा को ई-रिक्शे से राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। जिस समय अस्पताल कर्मी वृद्धा को लेकर इमरजेंसी में ले जा रहे थे, उसी दौरान मोहल्ला महेशपुरा निवासी रोशन जहां (42) बेटी अलीशा (19) को दवाई दिलाने के लिए पति के साथ अस्पताल आई हुई थी। इसी दौरान बुरी तरह से जख्मी वृद्धा का चेहरा देखकर वह गश खाकर गिर पड़ी।
महिला के दो बेटे और दो बेटियां हैं
अस्पताल के स्टाफ ने उसे इमरजेंसी में पहुंचाया जहां डाक्टरों ने रोशन जहां को मृत घोषित कर दिया। तसल्ली न होने पर मृतका का पति और बेटी उसे एक निजी अस्पताल ले गए। वहां भी डाक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि की। मृतका का पति प्लंबर है। महिला के दो बेटे और दो बेटियां हैं।
उधर, मरणासन्न हालत में मिली वृद्धा की पहचान नहीं हो सकी। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। तहसील गेट के बाहर बेल का जूस बेचने वाले बाबा ने बताया कि उक्त वृद्धा 10-12 वर्षों से काशीपुर की सड़कों पर देखी जा रही हैं। वह भीख मांगकर अपना भरण पोषण करती है।