छेड़छाड़ पर महिला ने चप्पलों से मनचले को इतना धुना कि पैरों में गिरकर मांगी माफी
मना करने पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी से बाज नहीं आने पर मनचले की एक महिला ने जमकर चप्पलों से धुनाई कर दी। सरेराह हुई पिटाई सीसीटीवी में कैद हो गई है। युवक के माफी मांगने पर महिला ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।
रामनगर रोड पर स्टेडियम के पास रहने वाली एक महिला लोगों के घरों में चौका बर्तन कर अपने परिवार का भरण पोषण करती है। पिछले कुछ समय से एक युवक उक्त महिला का पीछा कर उस पर फब्तियां कस रहा था।
महिला ने उसके बालों को मजबूती से पकड़ रखा था
कई दिन तक महिला उसकी हरकतों को नजरअंदाज करती रही। सोमवार की शाम उक्त महिला एक घर से काम निपटाकर लौट रही थी। स्टेडियम के पास उक्त युवक ने महिला का रास्ता रोक लिया और साथ चलने का दबाव बनाने लगा।
आए दिनों की हरकत से तंग आकर महिला ने चप्पल उतारी और सरेराह मनचले को धुनना शुरू कर दिया। युवक ने बचने के लिए काफी हाथ पैर मारे, लेकिन महिला ने उसके बालों को मजबूती से पकड़ रखा था।
शहर में चर्चा का विषय बना ये मामला
सरेराह युवक को पीटते देख वहां तमाशबीनों की भीड़ लग गई। खुद को घिरा देख युवक उक्त महिला के पैरों में गिर पड़ा। माफी मांगने पर महिला ने चेतावनी देकर उसे छोड़ दिया।
कुछ लोगों ने इस घटना की वीडियो क्लिप तैयार कर एक दूसरे से शेयर की। यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।