कृषि औद्योगिक विकास मेला शुरू, सीएम ने किया 83 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जनपद स्थापना की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर डुंडा स्थित मां रेणुका देवी मंदिर परिसर में तीन दिवसीय कृषि औद्योगिक विकास मेले का शुभारंभ हुआ। मेले का मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएम ने 83 करोड़ 42 लाख 97 हजार रुपये लागत की विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया।
उद्घाटन समारोह में सीएम त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि स्थानीय स्तर पर मौजूद संसाधनों से स्वरोजगार अपना कर आर्थिकी मजबूत करने के अपार अवसर उत्तराखंड में मौजूद हैं। खेतों को बंजर छोड़कर और बेच कर पलायन करने से बेहतर है कि ग्रामीण अपने इन खेतों में सोलर प्लांट लगाकर अपनी आर्थिकी मजबूत करें। सीएम ने यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत की मांग पर उनके विधानसभा क्षेत्र में बीस किमी सड़कों को स्वीकृति दी।
गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुंडा के उच्चीकरण, जोशियाड़ा उपतहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने और जोशियाड़ा बैराज क्षेत्र में मरीन ड्राइव के निर्माण की मांग की। सीएम ने हाल ही में बड़कोट और नालूपाणी में हुए सड़क हादसों में मृत लोगों के आश्रितों को एक-एक लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा की।
इससे पूर्व सीएम ने क्षेत्र की देव डोलियों से आशीर्वाद लेकर मेले का शुभारंभ किया। मेले में पशुपालन विभाग के स्टाल पर बरबरी नस्ल की बकरियां आकर्षण का केंद्र रहीं। गंगोत्री विधायक गोपाल रावत द्वारा बीते तीन साल के भीतर किए गए विकास कार्यों की फोटो प्रदर्शनी भी मेले में लगाई गई।
स्थानीय कलाकारों ने मेला मंच पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष गजेंद्र परमार, ओमप्रकाश भट्ट, राजेश भट्ट, लाल सिंह, दिग्पाल कुंवर, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य डा.स्वराज विद्वान, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश चौहान, किशोर भट्ट, ब्लाक प्रमुख डुंडा शैलेंद्र कोहली, विनीता रावत, वंदना देवी, विजय भारती, राजदीप परमार, हरीश डंगवाल, लोकेंद्र बिष्ट, पवन नौटियाल, विजय बहादुर रावत, विजय संतरी, देशराज बिष्ट आदि मौजूद रहे।
इन योजनाओं का शिलान्यास
यमुनोत्री धाम में तप्त कुंड, स्नान घाटों का पुनर्निर्माण एवं मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य, मनेरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में छात्रावास एवं बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल निर्माण, सेम-भरदार-गाजणा मार्ग पर पैदल पुल, पिलंग-जौड़ाव मार्ग पर पैदल पुल, जामक तला तोक में पैदल पुल, चामकोट गांव के लिए स्टील ट्रस पुल, धौंतरी-कमद मार्ग पर स्टील ट्रस पुल, बागी-गाजणा मार्ग पर पैदल पुल, गंगोरी में गंगा वाटिका, घनसाली-तिलवाड़ा मोटर पुल का सुरक्षा कार्य, तालुका-सिरगा में झूला पुल, नेत्री चंदेली में मोटर पुल, आराकोट-चिंवा-बालचा मार्ग पर मोटर पुल, बिंग्सी छानी में पैदल पुल, नौगांव-पुरोला मार्ग पर मोटर पुल, कुड़-कोटला मार्ग पर पैदल पुल, गेंवला खुरमोला गाड़ पर पैदल पुल तथा बड़कोट स्वास्थ्य केंद्र में आईसीयू कक्ष के निर्माण कार्यों का शिलान्यास।
इन योजनाओं का लोकार्पण
नई डिडसारी में बाढ़ सुरक्षा कार्य, बड़ेथी-कवां मोटर मार्ग, धरासू-तराकोट जिब्या मोटर मार्ग, हुल्डियाना मोटर मार्ग, चिन्यालीसौड़-जोगत-बनकोट मोटर मार्ग तथा राजकीय उद्यान द्वारी में टाइप-2 आवासीय भवनों का निर्माण।
एडवेंचर टूरिज्म के लिए सूबे में गठित होगा अलग विभाग : सीएम
विश्व में एडवेंचर टूरिज्म तेजी से बढ़ रहा है और उत्तराखंड में इसकी अपार संभावनाएं हैं। राज्य में एडवेंचर के लिए अलग विभाग गठित कर इस प्रदेश को साहसिक पर्यटन के हब के तौर पर विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को यहां पर्यटन विभाग और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) द्वारा पहली बार आयोजित माउंटेनियरिंग समिट के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इनर लाइन की बंदिशों से पर्यटन का प्रभावित होना चिंता का विषय है। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ बैठक कर रास्ता निकाला जाएगा। इस समिट में पर्वतारोहण, उच्च हिमालयी ट्रेकिंग एवं साहसिक पर्यटन की संभावनाओं और इसमें आ रही तकनीकी अड़चनों पर मंथन कर ठोस तथ्य सामने आएंगे, जिसके आधार पर नीतिगत निर्णय लिए जाएंगे। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने निम परिसर में लगे पर्वतारोहण संबंधी स्टालों का निरीक्षण किया।
दो दिवसीय समिट में पहले दिन गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने इनर लाइन की पाबंदियां हटाने, गंगोत्री नेशनल पार्क में रोजाना 150 पर्यटकों को प्रवेश की अनुमति में पर्वतारोहियों को अलग करने, जनपद में इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन का काउंटर स्थापित करने तथा नए ट्रेक रूटों को खोलने पर जोर दिया।
एडवेंचर टूर ऑपरेटर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कैप्टन स्वदेश कुमार ने गंगोत्री नेशनल पार्क को पर्वतारोहण एवं ट्रेकिंग के लिए वर्ष भर खुला रखने, विदेशी पर्वतारोहियों से अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने, पर्वतीय जिलों में हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू सेंटर खोलने और पर्यटन कारोबारियों को मार्केटिंग ग्रांट देने की मांग की। सीएम ने इन मामलों में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मार्केटिंग ग्रांट को इसी बजट सत्र में लाने का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर राष्ट्रीय अनुसूचित प्तजाति आयोग की सदस्य डा. स्वराज विद्वान, यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत, पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, डीएम डा.आशीष चौहान, एसपी पंकज भट्ट, निम के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट, डीएफओ संदीप कुमार, एसडीएम देवेंद्र नेगी एवं आकाश जोशी, पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री आदि लोग मौजूद रहे।