Uttarakhand Weather: बदला मौसम... बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी, हो रही कड़ाके की ठंड
Uttarakhand Weather Update: आने वाले दिनों की बात करें तो 21 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा।
विस्तार
उत्तराखंड में देर शाम मौसम ने करवट बदली। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। तड़के बदरीनाथ धाम की चोटियों के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ सहित नीती और माणा घाटी में बर्फबारी हुई। जिससे ठंड में इजाफा हो गया है। ठंड से बचने के लिए लोग अपने घरों में दुबके रहे। निचले क्षेत्रों में सुबह और शाम को शीतलहर चल रही हैं।
वहीं, पर्वतीय जिलों में शनिवार को हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश से पर्वतीय जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, मैदानी इलाकों में बारिश का कोई खास असर देखने को नहीं मिलेगा। आने वाले दिनों की बात करें तो 21 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। उधर, शुक्रवार को मैदान से लेकर पहाड़ तक मौसम साफ रहा तो दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
उत्तराखंड का बढ़ा मान: शूटिंग कोच सुभाष राणा को मिला द्रोणाचार्य अवॉर्ड, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सम्मानित
दिनभर चटक धूप खिलने से ठंड से राहत मिली। दून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 24.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान एक डिग्री के इजाफे के साथ 7.3 डिग्री रहा। बारिश की बात करें तो बीते 24 घंटे में दून में 1.0 एमएम बारिश हुई।