उत्तराखंड: 28 तक पहाड़ों में बारिश बढ़ाएगी ठंड, मैदान में तेज धूप और गर्मी छुड़ाएगी पसीना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में 28 मई तक बादल छाये रहेंगे। इस दौरान पहाड़ों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और गर्मी पसीना छुड़ा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 30 मई तक ज्यादा बारिश का अनुमान नहीं है।
मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाये रह सकते हैं। कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। मैदानी इलाकों में गरज और चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके बाद 28 मई तक यह क्रम बना रहेगा।
बुलेटिन के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मैदानी क्षेत्रों में 30 मई तक तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। 26 मई के आसपास अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बढ़ना शुरू हो जाएगा। 30 मई तक अधिकतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री तक अधिक बने रहने की संभावना है।
आज तेज हवाओं के आसार
प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आज तेज हवाएं चल सकती है। विशेषकर कुमाऊं के मैदानी क्षेत्रों में 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्के बादल छाये रहेंगे। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
बदरीनाथ-केदारनाथ में बारिश से बढ़ी ठंड
गढ़वाल में शुक्रवार को मौसम ने करवट बदली। केदारनाथ में रुक-रुककर हल्की बारिश के साथ बर्फ की फुहारें गिरी। बदरीनाथ धाम में बारिश के साथ ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। इससे दोनों धामों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। हेमकुंड साहिब में बर्फबारी से पैदल ट्रैक को खोलने का कार्य भी दिनभर प्रभावित रहा।
केदारनाथ में शुक्रवार को सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे। दिन चढ़ने के साथ सुबह आठ बजे से शुरू हुई हल्की बारिश रुक रुककर दिनभर जारी रही। दोपहर ढाई बजे के करीब बर्फ की फुहारें भी गिरी। हल्का कोहरा छाने से हेलीकॉप्टर सेवा भी प्रभावित हुई। धाम में अधिकतम तापमान 11 और न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
उधर, बदरीनाथ धाम में शुक्रवार को तड़के से शुरू हुई बारिश दोपहर बाद थमी। नीलकंठ, नर-नारायण पर्वत के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी, त्रिशूल पर्वत, नंदा घुघटी के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। बर्फबारी से हेमकुंड साहिब के पैदल ट्रैक को खोलने का कार्य भी दिनभर प्रभावित रहा। हेमकुंड साहिब क्षेत्र में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे सेना के जवानों और पंजाब से पहुंचे सेवादारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।