Uttarakhand Weather: मसूरी में बारिश, देहरादून में चार डिग्री और चढ़ा पारा, तीन NH समेत 247 सड़कें बंद
Uttarakhand Weather Update: सात जिलों में बिजली चमकने और तेज गर्जन के साथ कई दौर की बौछार वाली बारिश होने की आशंका है। जबकि अन्य जिलों में तेज गर्जन और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मसूरी में बारिश ने उमस और गर्मी से थोड़ी राहत दी। वहीं, दून में तेज धूप निकलने से शुक्रवार को पारा चार डिग्री और चढ़ गया। वहीं, दून के कुछ इलाकों में बारिश भी हुई। इससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। वहीं, देर शाम शहर के विभिन्न इलाकों में हुई हल्की बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई।
शहर में बीते दो दिन से तापमान बढ़ने से गर्मी खूब सता रही है। बीते बृहस्पतिवार को दून के अधिकतम तापमान में छह और शुक्रवार को चार डिग्री इजाफा दर्ज किया गया। देहरादून का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह मौसम साफ होने के बाद दोपहर करीब एक बजे जिले के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई, लेकिन बारिश थमने के बाद उमस ने जमकर सताया। दिन में परेड ग्राउंड, माजरा समेत कुछ अन्य इलाकों में जोरदार बारिश हुई।
Chamoli: प्रत्यक्षदर्शी ने बताई हादसे की पूरी कहानी, बोले-अचानक फैला करंट, दरवाजा खोलते ही कई अलकनंदा में कूदे
जबकि, अन्य इलाकों में तेज धूप खिली रही। हालांकि, देर शाम को शहर भर में हल्की बारिश हुई। उधर, मौसम विभाग ने शनिवार को जिले में गर्जना और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
28 स्थानों पर बंद है मरचूला- बुवाखाल नेशनल हाईवे
प्रदेश में भारी बारिश के कारण तीन नेशनल हाईवे समेत 247 सड़कें बंद हैं। इनमें से राष्ट्रीय राजमार्ग 121 मरचूलाकोट-बुवाखाल मार्ग भारी मलबा आने से कुल 28 जगहों पर बंद है। शुक्रवार शाम तक 226 जेसीबी की मदद से 58 सड़कों को ही खोला जा सका था।
लोनिवि से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में एनएच 121 के अलावा एनएच 707 त्यूणी-चकराता-मसूरी-बाटाघाट एक जगह और एनएच 109 पाण्डुवाखाल से कर्णप्रयाग एक जगह बंद हैं। इसके अलावा प्रदेशभर में कुल 220 सड़कें एक दिन पहले से बंद थीं। शुक्रवार को 85 सड़कें और बंद हुईं। कुल 305 बंद सड़कों में से शुक्रवार शाम तक 58 सड़कों को ही खोला जा सका था। लोनिवि के प्रमुख अभियंता दीपक यादव ने बताया कि प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे, 14 स्टेट हाईवे, नौ मुख्य जिला मार्ग, चार जिला मार्ग, 142 ग्रामीण सड़कें और 105 पीएमजीएसवाई की सड़कें बंद हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर सड़कों को खोलने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रदेश में 15 जून से अभी तक कुल 2450 सड़कें बंद हो चुकी हैं। इनमें से 2203 को खोल दिया गया है। जबकि 44 पुल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं, इनमें से कुछ पुलों को आवागमन के लिए फौरी तौर पर बंद कर दिया गया है। लोनिवि के आकलन के अनुसार पुलों और सड़कों को पहले की स्थिति में लाने के लिए 22455.88 लाख रुपये के बजट की जरूरत होगी।
भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में आज भी मौसम बिगड़ा रहेगा। देहरादून समेत सात जिलों में आज कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से मिली जानकारी के अनुसार इन सात जिलों में बिजली चमकने और तेज गर्जन के साथ कई दौर की बौछार वाली बारिश होने की आशंका है। जबकि अन्य जिलों में तेज गर्जन और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कल यानी 22 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून और हरिद्वार के लिए मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।