उत्तराखंड: मलबा और बोल्डर आने से 17 घंटे बंद रहा बदरीनाथ हाईवे, छह जिलों में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बदरीनाथ हाईवे पर मंगलवार को 17 घंटे बाद वाहनों की आवाजाही सुचारु हो पाई। भनेरपाणी में ऑलवेदर रोड कटिंग के कारण चट्टान पर दरारें आने से वाहनों की आवाजाही में मुश्किल आ रही है।
सोमवार रात करीब ग्यारह बजे भारी बारिश के कारण कुहेड़, भनेरपाणी, टंगड़ी और पागलनाला में हाईवे मलबा और बोल्डर आने से बंद हो गया था। मंगलवार को सुबह छह बजे हाईवे खोलने के लिए एनएच की जेसीबी ने मलबा हटाना शुरू किया, लेकिन सुबह आठ बजे तक भारी बारिश के कारण कार्य धीमी गति से चला। सुबह नौ बजे बारिश थमने के बाद मलबा और बोल्डरों को हटाने का काम फिर शुरू हुआ और शाम चार बजे के बाद हाईवे खोल दिया गया।
वाहनों की आवाजाही में यहां अभी भी मुश्किल आ रही है। वहीं पागलनाला में हाईवे दलदल में तब्दील हो गया है। यहां चट्टानी भाग में अभी भी भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर अटके हुए हैं। एनएच के ईई जितेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि मंगलवार को शाम चार बजे हाईवे को खोल दिया गया है। हाईवे के भूस्खलन क्षेत्रों में जेसीबी मशीन और मैन पावर की तैनाती की गई है।
Weather Today : चमोली में तड़के फटा बादल, मच गई चीख-पुकार, एक महिला की मौत, तस्वीरें
भूस्खलन के कारण घंटों बंद रहा यमुनोत्री हाईवे
सोमवार रात को हुई भारी बारिश के कारण कुथनौर व पालीगाड़ क्षेत्र में भूस्खलन होने से यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया। हाईवे रात भर बंद रहा। मंगलवार सुबह मौसम खुलते ही एनएच कर्मचारियों ने हाईवे खोलने का काम शुरू कर दिया और सुबह करीब पौने ग्यारह बजे तक हाईवे खोल दिया गया। उधर, भूस्खलन के कारण भुक्की कुज्जन और गजोली भंकोली मार्ग भी बंद हो गए। दोनों मार्गों को खोलने में जेसीबी जुटी हुई हैं।
छह जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
प्रदेश के छह जिलों में आज कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा चार अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार पौड़ी और चंपावत जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा इन इलाकों में तेज बारिश के कई दौर हो सकते हैं।
वहीं, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जनपदों में कुछ-कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि राजधानी देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग और चमोली में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।