उत्तराखंडः मौसम खराब, बर्फ से ढके चारों धाम, बर्फबारी से गंगोत्री हाईवे अवरुद्ध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन मौसम खराब बना रहा। आज सुबह देहरादून में बादलों की तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश हुई। वहीं चारों धामों में दूसरे दिन भी बर्फबारी हुई।उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे समेत कई मोटर मार्गों में यातायात प्रभावित रहा।
उत्तरकाशी जिले में बृहस्पतिवार तड़के तक जिला मुख्यालय समेत तमाम निचले क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। गंगोत्री, यमुनोत्री धाम, मुखबा, हर्षिल, धराली, सुक्की, जानकीचट्टी, खरसाली आदि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, जिससे यमुनोत्री हाईवे पर हनुमानचट्टी से आगे व गंगोत्री हाईवे अवरुद्ध हो गया। बारिश से हुए भूस्खलन से आराकोट-चींवा, सिलक्यारा-बनगांव, अदनी-रौंतल मोटर मार्गों पर भी आवाजाही ठप है। बीआरओ कर्मियों ने गंगोत्री हाईवे को सुक्कीटॉप से लेकर धराली गांव तक खोल दिया, लेकिन धराली के पास हिमखंड खिसकने के कारण इससे आगे गंगोत्री हाईवे अवरुद्ध हो गया है
चमोली जिले में बदरीनाथ-केदारनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, गौरसों, औली के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। रुद्रप्रयाग जिले में मद्महेश्वर, तुंगनाथ, चंद्रशिला सहित अन्य ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। जिला मुख्यालय सहित तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, जखोली, मयाली, ऊखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली, फाटा, चोपता, चोपड़ा आदि स्थानों में बारिश होने से ठंड बढ़ गई है।
बाटाघाट के पास क्षतिग्रस्त हुआ मसूरी धनोल्टी मार्ग
कई दिनों से हो रही बारिश के कारण मसूरी-धनोल्टी मार्ग बाटाघाट के पास क्षतिग्रस्त हो गया है। यहां पर भूस्खलन होने से सड़क में बड़ी दरार हो गई है। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है। हालांकि, बृहस्पतिवार दोपहर से ही यहां पर लोक निर्माण विभाग की टीम मरम्मत के लिए पहुंच गई थी।
बताया जा रहा है कि मार्ग को दो दिन के भीतर ठीक कर दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार यह मार्ग पहले भी क्षतिग्रस्त हो गया था। इसकी वजह से एक बच्चे की मौत हो गई थी। सड़क के नीचे स्थित मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए थे।
लोगों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग जिस गति से मरम्मत कार्य कर रहा है उसमें काफी देर हो जाएगी। इससे कई और मकान और दुकान भी चपेट में आ सकते हैं। इसके अलग सड़क से लगातार गुजर रहे वाहनों को भी खतरा बना हुआ है।
कांडी लक्ष्मणझूला मार्ग मलबा आने से से फिर हुआ बंद
यमकेश्वर में भारी बारिश से कांडी-लक्ष्मणझूला मोटर मार्ग बिथ्याणी के समीप मलबा आने से बंद हो गया, जिससे लोगों को ऋषिकेश, देहरादून आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार रात को एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया और रात आठ बजे से तेज बारिश शुरू हो गई। रातभर तेज हवाओं के साथ बारिश होती रही। कांडी-लक्ष्मणझूला मार्ग पर बिथ्याणी के समीप बिथ्याणी-ढुंगा-बंचूरी मार्ग को जोड़ने के लिए कटिंग की गई थी। बारिश में मार्ग का मलबा कांडी-लक्ष्मणझूला मोटर मार्ग और बिथ्याणी-यमकेश्वर मोटर मार्ग पर आ रहा है, जिससे लोगों को आवाजाही करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम बघेलगांव निवासी भगत सिंह ने बताया कि मोटर मार्ग पर मलबा और पत्थर आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। दोपहर डेढ़ बजे तक भी मार्ग से मलबा नहीं हटाया जा सका था। लोनिवि दुगड्डा के सहायक अभियंता सत्यप्रकाश ने बताया कि मोटर मार्ग पर पड़े मलबे को हटाने के लिए लक्ष्मणझूला से जेसीबी मशीन को भेज दिया गया है। जल्द ही मोटर मार्ग की सफाई कर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।
चकराता में झमाझम बारिश के बीच ऊंची चोटियों ने ओढ़ी बर्फीली चादर
फाल्गुनी बयार के बीच मौसम की बदली करवट के चलते गुरुवार को भी चकराता में झमाझम बारिश हुई। ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली। इससे पूरा क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में है। ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी के चलते चकराता छावनी बाजार क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। जगह-जगह लोग ठंड से बचने के लिए अलाव और हीटर तापते नजर आए। ऊंची चोटियों पर सीजन का यह 13वां हिमपात है। बुधवार देर रात से ही क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हा गया।
चकराता समेत लोखंडी, लोहारी, खंडबा, देववन, व्यास शिखर, मोयला टॉप, मुंडाली समेत आसपास की ऊंची चोटियों पर करीब आधे घंटे तक हिमपात हुआ। इससे सड़क और पहाड़ों पर चार इंच तक बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। चकराता छावनी बाजार क्षेत्र में भी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। पछवादून क्षेत्र में भी मौसम दिनभर रंगत बदलता रहा।
कभी बारिश तो कभी बादलों की ओंट और कभी चटक धूप खिली नजर आई। विकासनगर, बरोटीवाला, बाबूगढ़, मेहूंवाला आदि क्षेत्र में भी हल्की ओलावृष्टि हुई। बृहस्पतिवार को चकराता का अधिकतम तापमान 10 डिग्री और न्यूनतम तापमान 02 डिग्री रहा, जबकि विकासनगर का अधिकतम तापमान 23 और न्यूतनम 13 डिग्री रहा।
सुरक्षा दीवार ढही
बारिश के बीच बेहमू गांव में भूस्खलन होने से गांव निवासी अर्जुन सिंह के मकान को खतरा खड़ा हो गया है। देर रात को क्षेत्र में हुई बारिश के बीच अर्जुन सिंह के मकान के नीचे बनी सुरक्षा दीवार ढह गई, जिससे पूरा मकान खतरे की जद में है। अर्जुन ने परिवार समेत पड़ोसी के यहां शरण ली हुई है।