फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Uttarakhand weather Sunny today, Traffic jam in mussoorie after snowfall

उत्तराखंड: बर्फबारी के बाद मसूरी-औली और नैनीताल में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, जाम से हुई आफत

Mon, 06 Jan 2020 08:08 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: अलका त्यागी Updated Mon, 06 Jan 2020 08:08 AM IST
विज्ञापन
Uttarakhand weather Sunny today, Traffic jam in mussoorie after snowfall
बर्फबारी के बाद खिली धूप - फोटो : अमर उजाला

उत्तराखंड में शनिवार को हुई बर्फबारी क बाद आज सुबह से ही पहाड़ से लेकर मैदान तक धूप खिल गई है। राजधानी देहरादून समेत काशीपुर, हल्द्वानी, रानीखेत, पंतनगर, चंपावत, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में भी धूप खिलने से स्थानीय लोगों व पर्यटकों को ठंड से राहत मिली। 

विज्ञापन


शनिवार को पहाड़ी क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई थी। इसके बाद प्रदेशभर में हाड़ कंपाने वाली ठंड बढ़ गई है। कई जगह अभी भी भारी मात्रा में बर्फ जमी हुई है। वहीं, पाला पड़ने से वाहनों के फिसलने का खतरा भी बढ़ गया है। औली में शनिवार को हुई बर्फबारी के बाद देर रात जोशीमठ-औली मोटर मार्ग पर जाम लग गया। जाम खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट गए। जाम और ठंड से परेशान पर्यटक पैदल ही जोशीमठ की ओर निकल पड़े। रविवार सुबह मौसम साफ होने पर ही मार्ग पर फंसे वाहनों को निकाला गया। 

विज्ञापन

मसूरी में बर्फबारी के बाद बढ़ी मुश्किलें

शनिवार को बर्फबारी के बाद रविवार को मसूरी में पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बर्फ का लुत्फ उठाने भारी संख्या में पर्यटक शनिवार से ही वहां पहुंच गए। इसके चलते वहां रास्ते बंद हो गए हैं। अचानक बर्फबारी से मसूरी और आसपास में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। 

मसूरी में भीड़ देखते हुए पुलिस ने कुठालगेट से आगे रास्ता वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। धनोल्टी मार्ग, कैम्पटी मार्ग सहित कई संपर्क मार्गों पर पर्यटक फंस गए हैं। वहीं रात को काफी मात्रा में पाला भी पड़ रहा है। इससे रास्ते में फिसलन भी बढ़ गई है। 

बर्फबारी के बाद सरोवरी नगर में उमड़े सैलानी

सरोवर नगरी में शनिवार को हुई बर्फबारी की सूचना मिलते ही सैलानियों का जमावड़ा नगर के पर्यटक स्थलों पर लग गया। इस दौरान पर्यटक बर्फबारी देख खुशी से झूम उठे। उन्होंने एक-दूसरे पर बर्फ के गोले फेंके। वहीं, बर्फबारी के बाद नगर में कड़ाके की ठंड शुरू हो चुकी है।

रविवार सुबह से ही सैलानियों का आना शुरू हो गया था जो देर शाम तक जारी रहा। हालांकि, रविवार को दिनभर बादलों के बीच कभी-कभी हल्की धूप निकलती रही।

यहां पहुंचे सैलानियों ने हिमालयन दर्शन, स्नोव्यू, चायनापीक, टिफनटॉप और पंगूट आदि स्थलों पर बर्फ का लुत्फ उठाया। हालांकि, शहर के निचले इलाकों में बर्फ पिघल गई थी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।


 
विज्ञापन

सैलानियों के पहुंचने पर बनी जाम की स्थिति

सैलानियों के निजी वाहनों से पहुंचने से नगर में दिनभर जाम की स्थिति रही। पुलिस को यातायात दुरुस्त करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम के चलते दिनभर वाहन रेंगते रहे। मुख्य रूप से माल रोड, मल्लीताल रिक्शा स्टैंड, मस्जिद तिराहा और भवाली मार्ग पर जाम लगा रहा।

ऊंचाई वाले स्थानों पर नहीं जाने दिए वाहन
नैनीताल। बर्फबारी के चलते पुलिस ने बारापत्थर जाने वाले मार्ग पर ही बाइक सवारों और चौपहिया वाहन चालकों को रोक दिया। बर्फ में पाले के बाद फिसलन होने से पुलिस ने यह निर्णय लिया। इस कारण सैलानियों को पैदल की किलबरी जाना पड़ा।
 

पाले से वाहन रपटे, तीन घायल

नगर की सड़कों पर बर्फ के ऊपर पाला गिरने से कई वाहन चालक और लोग रपट गए। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार तल्लीताल निवासी साजिद हुसैन अली (45) तल्लीताल पेट्रोल पंप के पास स्कूटी रपटने से चोटिल हो गए।

हल्द्वानी निवासी परवीन (40) को किलबरी के पास बर्फ में फिसलने से माथे पर चोट आई। बरेली निवासी नसीम (30) का बर्फ में फिसलने से बांया हाथ फ्रेक्चर हो गया। तीनों घायलों का प्राथमिक इलाज कर छुट्टी दे दी गई।

सैलानियों के खरीदे गर्म कपड़े
सरोवर नगरी में बर्फ पड़ने से कड़ाके की ठंड शुरू हो चुकी है। इस कारण सैलानियों ने पंत पार्क में लगी दुकानों से गर्म कपड़े खरीदे। फड़ व्यापारियों के अनुसार और बर्फबारी हुई तो उनका कारोबार चल उठेगा।

मुनस्यारी की चोटियों में दो फीट तक गिरी बर्फ

मुनस्यारी की ऊंची चोटियों के साथ ही मुनस्यारी नगर क्षेत्र में शनिवार रात एक बार फिर बर्फबारी हुई। हिमालयी चोटी पंचाचूली, हंसलिंग, नागनीधूरा, नामिक, मिलम में डेढ़ से दो फीट बर्फ गिरी है।

मुनस्यारी की आसपास की चोटियों में बेटुलीधार, बलाती, कालामुनी में आधा फीट ताजा बर्फ गिरी है। ठंड के कारण नलों में पानी जम जा रहा है। जल कर्मियों ने लोगों को सलाह दी कि रात को नल में अवशेष पानी न रहने दें। नलों में अवशेष रह गया पानी ठंड के कारण जम जाता है। 

थल-मुनस्यारी सड़क से नहीं हटाई गई बर्फ
थल-मुनस्यारी सड़क से रविवार को भी बर्फ नहीं हटाई जा सकी। सड़क काफी खतरनाक बनी हुई है। झूलाघाट कस्बे के 65 प्रतिशत हिस्से में पांचवें दिन भी बिजली बहाल नहीं हुई। उधर, चंपावत सहित जिले के तमाम पर्वतीय हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी है। बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील क्षेत्र के पिनाकेश्वर और  ग्वालदम की पहाड़ियों में देर शाम हिमपात हुआ है। हिमपात होने से समूचे क्षेत्र में ठिठुरन बढ़ गई है।

कपकोट के ऊंचाई वाले गांवों में कई फुट बर्फ जमी है। इस कारण ग्रामीणों की शहरों समेत दूसरे गांवों में आवाजाही बंद है। बिजली, सड़क, यातायात, संचार सेवा भी ठप है। वहीं अल्मोड़ा में पिछले दो दिन से कोहरा छाया हुआ है। यहां न्यूनतम पारा रविवार को शून्य जा पहुंचा। जागेश्वर, बिनसर आदि ऊंचाई वाली स्थानों पर भी ठंड से लोग बेहाल रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed