उत्तराखंड: नदी-नाले उफान पर, मकान ध्वस्त, मुनस्यारी सड़क रामगंगा में समाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बादलों का कहर शुक्रवार को भी जारी रहा। देहरादून जिले के विकासनगर में एक मकान ध्वस्त हो गया। वहीं कुमाऊं में नदी-नाले उफान पर आ गए हैं।
शुक्रवार को बारिश के दौरान विकासनगर के हरिपूर कोटी मार्ग पर खेरवा गांव में पूरण सिंह चौहान का आवासीय मकान व दुकान भारी मलबे से दब कर ध्वस्त हो गए। सभी सदस्य घर से पहले ही बाहर निकल गए थे। वहीं कुमाऊं के चोरगलिया में शेर नाला उफान पर आ गया, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
पुलिस ने एहतियातन वाहनों को जाने से रोक दिया। मुनस्यारी सड़क थल नांचनी में फल्याटी के पास 30 मीटर रामगंगा में समा गई। रामगंगा के उफान से चेटाबगड़ मोटर पुल को भी खतरा हो सकता है। यहां कटाव को देखते हुए पुलिस ने वाहनों का संचालन रोक दिया है। वहीं शुक्रवार को देहरादून के साथ गढ़वाल और कुमाऊं में अधिकतर इलाकों में झमाझम बारिश हुई। गुरुवार की रात बेड़ीनाग में 41, मुनस्यारी में 45 और धारचूला में 35 एमएम बारिश हुई। थल-मुनस्यारी सड़क दो स्थानों पर ध्वस्त हो गई है। पिथौरागढ़ जिले में बारिश से बंद 35 सड़कों में से तीन सड़कों (पिथौरागढ़-तवाघाट, कपकोट-सामा-तेजम और क्वीटी-सैंणारांथी सड़क) पर यातायात शुरू हो गया।
ढाबा ढहने से मलबे में दबे युवक को सुरक्षित निकाला
गुप्तकाशी के सोनप्रयाग में पुलिस चेक पोस्ट के समीप ढाबा के ढहने से एक व्यक्ति दब गया, जिसे तत्परता से मलबे के ढेर से निकाला गया। पीड़ित को उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती किया गया। जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। शुक्रवार को प्रात: 6 बजे मनीष गोयल (35) पुत्र राजेंद्र प्रसाद गोयल, निवासी हापुड, केदारनाथ यात्रा के लिए पहुंचा था। वह, बाजार में जैसे ही पुलिस चेक पोस्ट के समीप से गुजरा, तभी ऊपर की तरफ बना एक कच्चे निर्माण के तहत बना ढाबा भरभरा कर उसके ऊपर गिर गया। यह देख, वहां मौजूद लोग मलबे में दबे युवक को बचाने को दौड़े। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए थाना पुलिस और एसडीआरएफ के जवान भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू में जुट गए। करीब 20 मिनट बाद युवक को मबले से बाहर निकाला। थाना प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि घायल को अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसका उपचार किया। उसके हाथ-पैर पर हल्की चोट आई है।
भारी बारिश की आशंका को देखते हुए विभाग ने अलर्ट जारी किया
प्रदेश के आठ जिलों में आज भी भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने गढ़वाल और कुमाऊं के चार-चार जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
बृहस्पतिवार को राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हुई। दून के कुछ इलाकों में सुबह और शाम को बारिश रिकॉर्ड की गई। क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में शाम को करीब 25 मिनट तक भारी बारिश हुई। राजपुर रोड और उससे लगे इलाके में भी काफी बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल रही है।
वहीं, मौसम विभाग के अनुसार राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के आठ जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम केंद्र प्रभारी बिक्रम सिंह ने बताया कि देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। राजधानी देहरादून में भी कुछ समय के लिए भारी बारिश होने का अनुमान है।