Uttarakhand Weather Update : कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम, देहरादून में मौसम सामान्य
मैदानी क्षेत्रों में शुक्रवार को कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है। जबकि, देहरादून में मौसम सामान्य हैं। हालांकि, न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना जताई है। हल्का कोहरा भी रह सकता है। हरिद्वार व ऊधमसिंह नगर में मध्यम कोहरा रहने की संभावना है।
दिन में धूप से मिली राहत
हरिद्वार में दिन में धूप खिलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली रही, लेकिन शाम होते ही सर्द हवाओं के चलने से ठंडक बढ़ गई। गुरुवार को आसमान सुबह से ही साफ था। दिनभर धूप रही। शहर से देहात तक लोगाें ने धूप का आनंद लिया। शाम को दिल ढलते ही मौसम ठंडा हो गया और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
रितु आलोकशाला बहादराबाद के शोध पर्यवेक्षक नरेंद्र रावत ने बताया कि गुरुवार को बुधवार की अपेक्षा अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आधा-आधा डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई है। अधिकतम तापमान 12.5 और न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे की वजह से ट्रेनों के संचालन पर असर, यात्रियों को परेशानी
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में कोहरे की वजह से ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ने लगा है। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घने कोहरे की वजह से प्रयागराज - देहरादून लिंक एक्सप्रेस गुरुवार को दो घंटे की देरी से देहरादून पहुंची। जिसके चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्टेशन अधीक्षक परिचालन सीताराम शंकर ने बताया कि प्रयागराज- देहरादून लिंक एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय एक बजकर 15 मिनट की जगह दो घंटे की देरी से पहुंची। हालांकि नई दिल्ली - देहरादून शताब्दी, जनशताब्दी के अलावा काठगोदाम - देहरादून जनशताब्दी, कोटा -देहरादून नंदा देवी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के संचालन पर कोहरे का कोई खास असर नहीं पड़ा।
लेकिन आने वाले समय में यदि कोहरा अधिक पड़ता है तो इन ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ सकता है। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि कोहरे के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित न हो इसके लिए कुछ ट्रेनों में फॉग सेफ्टी डिवाइस लगाए गए हैं, जिसकी वजह से ट्रेनों के लोको पायलट को घने कोहरे के बीच तीन किलोमीटर की दूरी तक साफ दिखाई देता है। ऐसे में लोको पायलट को गाड़ियों को संचालित करने में किसी प्रकार के दिक्कतें नहीं आती हैं।