राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी) में सोमवार को इन्विटेशल ब्लाइंड फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज हुआ। पहले दिन दिन उत्तराखंड की टीम ने दो मुकाबले अपने नाम किए। एनआईईपीवीडी के मैदान में आयोजित टूर्नामेंट का टाटा ट्रस्ट के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. राजेंद्र सिंह कोश्यारी ने बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ किया।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला झारखंड और उत्तराखंड की टीम के बीच खेला गया। इसमें उत्तराखंड की टीम ने 8-0 से मैच अपने नाम कर लिया, जबकि दूूसरे मुकाबले में भी उत्तराखंड की टीम ने मध्य प्रदेश की टीम को 3-0 के स्कोर से करारी शिकस्त दी। मध्य प्रदेश और दिल्ली के बीच खेला गया तीसरा मैच ड्रा रहा। चौथे मैच में दिल्ली की टीम को 4-0 से हराया। आज यानी मंगलवार को टूर्नामेंट के लीग मैच, पोजिशन मैच और सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। कल यानी बुधवार को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला होगा। टूर्नामेंट में झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, असम, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की टीम के साथ 14 नेत्रहीन फुटबॉल कोच प्रतिभाग कर रहे हैं। इस मौके पर टाटा ट्रस्ट मनीष झा, एनआईईपीवीडी के कोच नरेश सिंह नायल और सोनम समेत इंडियन ब्लाइंड फुटबॉल फेडरेशन के सदस्य मौजूद रहे।